अजय वर्मा बने टी एच डी सी में कार्यकारी निदेशक,
पीपलकोटी।
टी एच डी सी इंडिया लिमिटेड में वरिष्ठ सिविल इंजीनियर अजय वर्मा ने कार्यकारी निदेशक का पदभार ग्रहण किया। उनकी पदोन्नति विभागीय पदोन्नति समिति की सिफारिश के आधार पर मुख्य महाप्रबंधक से कार्यकारी निदेशक पद पर की गई है।
वर्मा ने 1988 में एम.एस. रामैया कॉलेज, बैंगलोर से सिविल इंजीनियरिंग में स्नातक तथा 1998 में दिल्ली प्रोडक्टिविटी काउंसिल से निर्माण प्रबंधन में स्नातकोत्तर डिप्लोमा प्राप्त किया। इसके अलावा उन्होंने 2015 में आईआईएम इंदौर से प्रोजेक्ट मैनेजमेंट में स्नातकोत्तर प्रमाणपत्र भी हासिल किया।
उन्होंने 30 जुलाई 1990 को टी एच डी सी में इंजीनियर के रूप में अपने करियर की शुरुआत की थी और तीन दशकों से अधिक समय में पुनर्वास, निर्माण, कॉर्पोरेट अनुबंध, सतर्कता तथा टिहरी और कोटेश्वर बांध परियोजनाओं में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है।
अतिरिक्त महाप्रबंधक के रूप में उन्होंने धुकवान लघु जल विद्युत परियोजना को समय पर पूरा कराने में अहम नेतृत्व दिया। इसके बाद खुर्जा सुपर थर्मल पावर प्रोजेक्ट में 1320 मेगावाट परियोजना के अनुबंध प्रबंधन और ऐश डाइक पैकेज का सफल संचालन किया।
वर्ष 2023 से वे 444 मेगावाट विष्णुगाड़ पीपलकोटी जल विद्युत परियोजना के परियोजना प्रमुख के रूप में कार्यरत रहे हैं। उनके नेतृत्व में परियोजना ने उल्लेखनीय प्रगति की है, जिसमें जटिल सामाजिक, भूवैज्ञानिक और तकनीकी चुनौतियों का प्रभावी समाधान शामिल है।
वर्मा के इस नए दायित्व से परियोजना को और गति मिलने की उम्मीद जताई जा रही है।

