कृमि मुक्ति दिवस पर बच्चों को खिलाई गई एल्बेंडाजोल की दवा
गोपेश्वर /चमोली
मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ अभिषेक गुप्ता के निर्देशानुसार राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन के अंतर्गत आज जनपद चमोली में राजकीय बालिका इंटर कॉलेज गोपेश्वर में राष्ट्रीय कृमि मुक्ति दिवस का आयोजन किया गया। कार्यक्रम के तहत जनपद के आंगनबाड़ी केंद्रों, सरकारी एवं निजी विद्यालयों तथा स्वास्थ्य केंद्रों पर 1 से 19 वर्ष तक के बच्चों एवं किशोर-किशोरियों को कृमिनाशक दवा Albendazole खिलाई गई।

जिला सूचना, शिक्षा एवं संचार प्रबंधक उदय सिंह रावत ने बताया कि बच्चों में पेट के कृमि संक्रमण से कुपोषण, एनीमिया, कमजोरी तथा शारीरिक एवं मानसिक विकास पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ता है। इससे बचाव हेतु वर्ष में दो बार कृमिनाशक दवा का सेवन आवश्यक है।
उन्होंने कहा कि जनपद के सभी ब्लॉकों में स्वास्थ्य विभाग, शिक्षा विभाग एवं महिला सशक्तिकरण एवं बाल विकास विभाग के समन्वय से यह अभियान सफलतापूर्वक संचालित किया गया। अभियान के दौरान प्रशिक्षित कार्मिकों द्वारा बच्चों को दवा सेवन के साथ स्वच्छता, हाथ धोने तथा साफ-सफाई बनाए रखने के प्रति जागरूक भी किया गया।

जानकारी देते बताया कि जो बच्चे आज किसी कारणवश दवा नहीं ले पाए, उन्हें निर्धारित मॉप-अप दिवस 14 मई पर दवा उपलब्ध कराई जाएगी।
इस अवसर पर स्वास्थ्य विभाग जनपद चमोली ने अभिभावकों से अपील की कि वे अपने बच्चों को कृमि संक्रमण से बचाने के लिए समय-समय पर कृमिनाशक दवा अवश्य दिलाएं तथा स्वच्छता संबंधी आदतों को अपनाने हेतु प्रेरित करें। कार्यक्रम में प्रधानाचार्य श्री ललित मोहन बिष्ट, श्रीमती राखी चौहान एवं आरकेएसके काउंसलर विक्रम सिंह रावत समेत शिक्षाएं एवं छात्राएं मौजूद रही

