चिपको आंदोलन की नेत्री गौरा देवी की 52वीं पुण्यतिथि पर ज्योतिर्मठ में रक्तदान शिविर
जोशीमठ/चमोली
ज्योतिर्मठ में गौरा देवी की 52वीं पुण्यतिथि के अवसर पर विभिन्न कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। इस दौरान पर्यावरण संरक्षण में उनके योगदान को याद करते हुए उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की गई।
कार्यक्रम के अंतर्गत भारतीय रेडक्रॉस समिति चमोली के तत्वाधान में एक रक्तदान शिविर आयोजित किया गया। शिविर में पीजी कॉलेज ज्योतिर्मठ के यूथ रेडक्रॉस, उत्तराखंड ब्लड सेंटर देहरादून एवं चैरिटेबल ब्लड सेंटर के सहयोग से कुल 72 लोगों ने रक्तदान कर मानव सेवा का संदेश दिया।
रेडक्रॉस समिति के चेयरमेन ओम प्रकाश डोभाल ने बताया कि चिपको आंदोलन की प्रेरणास्रोत स्व. गौरा देवी को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए यह शिविर आयोजित किया गया, ताकि मानव जीवन को बचाने के साथ समाज में सेवा और जागरूकता का संदेश दिया जा सके।
रेड क्रॉस सोसाइटी के सचिव सुरेन्द्र रावत ने बताया की वे समस्त लोगों से अपील करते हैं की मानव जीवन को बचाने के लिए रक्तदान जरूर करें।
इस अवसर पर एचसीसी कंपनी के पदाधिकारी, कॉलेज के छात्र-छात्राएं एवं स्थानीय लोग बड़ी संख्या में मौजूद रहे।

