संस्कारवान शिक्षक आज की जरूरत: आकाश सारस्वत

Blog
 Image

गौचर / चमोली। 

ललिता प्रसाद लखेड़ा 
संस्कारवान शिक्षक आज की जरूरत: आकाश सारस्वत


         संस्कारवान शिक्षक आज की जरूरत है, शिक्षकों को अपने आचरण पर विशेष ध्यान देना चाहिए l यह बात चमोली जिले के मुख्य शिक्षा अधिकारी आकाश सारस्वत ने   जनपद के गैरसैण विकासखंड के दूरस्थ पीएमश्री राजकीय इंटर कॉलेज कुशरानी तल्ली में शिक्षकों के साथ संक्षिप्त बैठक में कही।  


            इससे पूर्व सुबह 7:30 बजे कुशरानी तल्ली की प्रार्थना सभा में पहुंचकर मुख्य शिक्षा अधिकारी आकाश सारस्वत ने प्रार्थना सभा में विद्यार्थियों और शिक्षकों को संबोधित किया। अपने संबोधन में मुख्य शिक्षा अधिकारी ने व्यसन मुक्त समाज के निर्माण के लिए तत्पर रहकर कार्य करने के लिए आहवान किया   विद्यार्थियों को स्वअनुशासित एवं समयबद्ध होकर  स्वाध्याय करने के लिए कहा, इसके बाद मुख्य शिक्षा अधिकारी ने शिक्षकों के साथ संक्षिप्त बैठक ली, जिसमें समयबद्धता का विशेष ध्यान रखने के लिए कहा। मुख्य शिक्षा अधिकारी ने कहा कि शिक्षकों का आचरण बच्चों के लिए अनुकरणीय होता है इसलिए संस्कार युक्त शिक्षा देने के लिए हमारा आचरण महत्वपूर्ण है l उन्होंने विभिन्न पंजिकाओं का निरीक्षण भी किया गया। 

 


            इसके बाद मुख्य शिक्षा अधिकारी द्वारा राजकीय इंटर कॉलेज आगरचट्टी , राजकीय जूनियर हाईस्कूल सलियाणा, राजकीय प्राथमिक विद्यालय  सलियाणा, राजकीय जूनियर हाई स्कूल स्यूनी मल्ली और राजकीय प्राथमिक विद्यालय स्यूनी मल्ली का भी औचक निरीक्षण किया गया। उन्होंने शिक्षकों से बहुभाषी प्रार्थना सभा, दीवार पत्रिका निर्माण ,किचन गार्डन के निर्माण, सशक्त पुस्तकालय  निर्माण और  पठन-पाठन संस्कृति के विकास और सामूहिक जन्मोत्सव को मनाने के लिए कहा l
         मुख्य शिक्षा अधिकारी ने कहा कि औचक निरीक्षण का यह क्रम जारी रहेगा और शिक्षा में गुणवत्ता के सुधार के लिए प्रयास लगातार जारी रहेंगे l
मुख्य शिक्षा अधिकारी के साथ औचक निरीक्षण में जिला शिक्षा एवं प्रशिक्षण संस्थान के वरिष्ठ संकाय सदस्य बच्चन लाल जितेला मौजूद रहे।