जिलाधिकारी स्वाति एस. भदौरिया की अध्यक्षता में जिला स्तरीय समन्वय समिति की बैठक आयोजित हुई।

Blog
 Image

 

पौड़ी 

टाटा ट्रस्ट के उपक्रम हिमोत्थान सोसायटी द्वारा जनपद पौड़ी गढ़वाल में संचालित विकासात्मक कार्यक्रमों के प्रभावी क्रियान्वयन और विभागीय योजनाओं के साथ बेहतर समन्वय के उद्देश्य से जिलाधिकारी स्वाति एस. भदौरिया की अध्यक्षता में जिला स्तरीय समन्वय समिति की बैठक आयोजित हुई। बैठक में हिमोत्थान सोसायटी के कार्यक्रमों तथा विभिन्न विभागों की योजनाओं के साथ कन्वर्जेंस की संभावनाओं पर चर्चा की गई।


जिलाधिकारी ने कहा कि कृषि क्षेत्र में केवल उत्पादन बढ़ाना पर्याप्त नहीं है, बल्कि किसानों की आय बढ़ाने के लिए मार्केट लिंकेज पर विशेष ध्यान देना आवश्यक है। मोटे अनाज और स्थानीय उत्पादों को उचित बाजार व बेहतर मूल्य मिलने से ग्रामीण अर्थव्यवस्था मजबूत होगी। उन्होंने जनपद में फल, सब्जियों व अन्य कृषि उत्पादों के संरक्षण के लिए कोल्ड स्टोरेज स्थापित करने की संभावनाओं पर भी जोर दिया, जिससे किसानों को बेहतर कीमत मिल सके।
जिलाधिकारी ने कृषि के साथ उद्यान, पशुपालन, डेयरी, मशरूम व सब्जी उत्पादन जैसे संबद्ध क्षेत्रों में समेकित रूप से कार्य करने तथा किसी भी नई पहल को पहले पायलट प्रोजेक्ट के रूप में शुरू करने के निर्देश दिए। उन्होंने हिमोत्थान सोसायटी को उद्यान, कृषि, पशुपालन, जल संस्थान, शिक्षा सहित विभिन्न विभागों के साथ समन्वय स्थापित कर संयुक्त कार्ययोजना तैयार करने को कहा।
साथ ही हिमोत्थान सोसायटी द्वारा चयनित 266 राजस्व गांवों की सूची संबंधित विभागों के साथ साझा करने और यह स्पष्ट करने के निर्देश दिए कि किन गांवों में किस क्षेत्र में कार्य किया जा रहा है, ताकि योजनाओं का प्रभावी कन्वर्जेंस सुनिश्चित हो सके।
मुख्य विकास अधिकारी गिरीश गुणवंत ने कहा कि विभागों और हिमोत्थान सोसायटी के समन्वय से कृषि, पशुपालन व अन्य आजीविका गतिविधियों को बढ़ावा मिलेगा तथा स्वयं सहायता समूहों और किसान समूहों को जोड़कर उत्पादन से विपणन तक की श्रृंखला मजबूत होगी।


प्रभागीय वनाधिकारी महातिम यादव ने वन क्षेत्रों में सामुदायिक स्तर पर लीसा (रेजिन) निकालने तथा कम्युनिटी काउशेड की अवधारणा पर कार्य करने का सुझाव दिया, जिससे ग्रामीणों को अतिरिक्त आय के अवसर मिल सकें और पशुधन की सुरक्षा सुनिश्चित हो सके।
हिमोत्थान सोसायटी से डॉ. राजेंद्र कोश्यारी ने बताया कि समिति द्वारा जनपद में कृषि, कौशल विकास, पशुधन, शिक्षा, पेयजल एवं स्वच्छता जैसे क्षेत्रों में कार्य किया जा रहा है तथा दालों, मोटे अनाज, सब्जियों और पशुपालन आधारित आजीविका को बढ़ावा दिया जा रहा है।
 

जिला शिक्षाधिकारी माध्यमिक रणजीत सिंह नेगी, सीवीओ डॉ. विशाल शर्मा, खंड विकास अधिकारी दृष्टि आनंद, परियोजना प्रबंधक ग्रामोत्थान कुलदीप बिष्ट, अपर पंचायती राज अधिकारी प्रदीप सुंदरियाल, अपर जिला समाज कल्याण अधिकारी अनिल सेमवाल सहित संबंधित विभागों के अधिकारी एवं हिमोत्थान सोसायटी के प्रतिनिधि उपस्थित रहे।