लग्जरी को पीछे छोड़ प्रखर जैन ने समाज के सामने पेश की सच्चे सुख की नई परिभाषा

Blog
 Image

बैतूल/दतिया। जिस उम्र में युवा शानदार करियर, लग्जरी लाइफ और उच्च पद के सपने देखते हैं, उस उम्र में बैतूल की बेटी प्रखर जैन ने ऐशो-आराम की हर सीढ़ी को ठुकराकर वैराग्य का कठिन मार्ग चुन लिया है। लंदन से कानून की पढ़ाई और सिविल जज की प्रतिष्ठित परीक्षा पास करने वाली प्रखर अब सांसारिक मोह-माया त्यागकर आर्यिका माता सुमेधा श्री बन गई हैं। बैतूल निवासी जैनेंद्र जैन ने अपनी बेटी को बेहतर भविष्य देने में कोई कसर नहीं छोड़ी थी। भोपाल के प्रतिष्ठित संस्कार वैली स्कूल से 12वीं की पढ़ाई पूरी करने के बाद प्रखर उच्च शिक्षा के लिए लंदन गईं। इसके बाद भोपाल और अहमदाबाद सहित देश के प्रमुख संस्थानों से एलएलबी व एलएलएम की डिग्री हासिल की और इंटर्नशिप पूरी की। अपनी मेधा के बल पर उन्होंने सिविल जज की परीक्षा भी उत्तीर्ण कर ली। लेकिन, जब हाथ में जज का अपॉइंटमेंट लेटर आया, तो उन्होंने इसे सच्चा सुख नहीं बताते हुए पद ठुकरा दिया। तपस्या से पहले त्याग की इस अनूठी मिसाल ने हर किसी को भावुक कर दिया। दीक्षा समारोह के दौरान परिवार ने उन्हें दुल्हन की तरह सजाया। पिता ने बेटी के विवाह के लिए जो डेढ़ किलो सोने के गहने बनवाए थे, प्रखर ने उन्हें महज कुछ घंटे पहनने के बाद उतार दिया और मात्र नौ गज की सफेद साड़ी धारण कर ली। दतिया में विधिवत दीक्षा लेकर उन्होंने पैरों की चप्पल और वाहन के सुख का भी आजीवन त्याग कर दिया है। वर्तमान में वे दिन में केवल एक बार भोजन (एकाहार) ग्रहण कर रही हैं और पूरे एक वर्ष के कठिन मौन व्रत पर हैं। दीक्षा से पूर्व पिता और बेटी के बीच हुआ संवाद बेहद मार्मिक रहा। जब पिता जैनेंद्र जैन ने पूछा कि बेटी तुम क्या चाहती हो, तो प्रखर ने कहा, बाबा, मैंने बड़ी-बड़ी डिग्रियां ले लीं और पूरी दुनिया देख ली, लेकिन इन डिग्रियों का क्या मूल्य जब इनसे आत्मिक शांति ही न मिले? आपने कहा था कि पढ़ने-लिखने से सुख मिलेगा, मैंने बड़ा घर, गाड़ी-बंगला और बड़े शहर सब देख लिए, पर सच्चा सुख महलों में नहीं है। करोड़ों की दौलत और प्रतिष्ठित पद को छोड़कर आत्म-कल्याण की राह चुनने वाली प्रखर की यह कहानी समाज के लिए चर्चा और प्रेरणा का विषय बनी हुई है।