नशामुक्त और सुरक्षित पर्यटन के लिए मसूरी के होटल व्यवसायियों ने लिया संकल्प
अंतर्राष्ट्रीय मादक पदार्थ निरोधक दिवस पर जागरूकता कार्यक्रम, होटल संचालकों ने नशामुक्त माहौल बनाने का लिया प्रण
देहरादून।
अंतर्राष्ट्रीय मादक पदार्थ दुरुपयोग एवं अवैध तस्करी निरोधक दिवस के अवसर पर मसूरी टाउन हॉल में ‘नशा मुक्त भारत अभियान’ के तहत जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। समाज कल्याण विभाग, राजकीय नशा मुक्ति केंद्र (रायवाला) और एसपीवाईएम के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित कार्यक्रम का उद्देश्य पर्यटन एवं हॉस्पिटैलिटी क्षेत्र को नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक करना तथा सुरक्षित पर्यटन को बढ़ावा देना रहा।
कार्यक्रम में मसूरी के नगर पार्षदों, स्थानीय व्यापार मंडल के अध्यक्ष रजत अग्रवाल के साथ रैडिसन, एलबी होटल सहित कई प्रतिष्ठित होटल, रिसॉर्ट और गेस्ट हाउस के संचालकों, प्रबंधकों एवं कर्मचारियों ने भाग लिया।
मुख्य वक्ता डॉ. राजेश कुमार ने होटल व्यवसायियों को पर्यटन क्षेत्र में नशे की रोकथाम, एनडीपीएस अधिनियम के कड़े कानूनी प्रावधानों और संदिग्ध गतिविधियों की पहचान संबंधी महत्वपूर्ण जानकारी दी। उन्होंने कहा कि पर्यटन क्षेत्र से जुड़े सभी हितधारकों की सक्रिय भागीदारी से ही उत्तराखंड को सुरक्षित और नशामुक्त पर्यटन राज्य बनाया जा सकता है।
कार्यक्रम के अंत में सभी प्रतिभागियों ने अपने-अपने संस्थानों में नशामुक्त वातावरण बनाने, नशे के प्रति जागरूकता फैलाने और सुरक्षित पर्यटन को बढ़ावा देने का सामूहिक संकल्प लिया।

