नंदा राजजात यात्रा से पहले अधर में मार्ग मरम्मत, शासन की मंजूरी का इंतजार

Blog
 Image

नंदा राजजात यात्रा से पहले अधर में मार्ग मरम्मत, शासन की मंजूरी का इंतजार

1.21 करोड़ की स्वीकृति के बावजूद 48 किमी पैदल मार्ग पर काम शुरू नहीं, अगस्त–सितंबर की यात्रा को लेकर बढ़ी चिंता

देहरादून। 
विश्व प्रसिद्ध श्री नंदा राजजात यात्रा शुरू होएक्सप्रेस ने में अब केवल कुछ ही समय शेष है, लेकिन यात्रा मार्ग की मरम्मत का कार्य अभी तक शुरू नहीं हो पाया है। इससे यात्रा की तैयारियों को लेकर श्रद्धालुओं और स्थानीय लोगों की चिंता बढ़ गई है।
देवाल क्षेत्र में स्थित नंदा राजजात पैदल मार्ग की मरम्मत के लिए टेंडर प्रक्रिया पूरी हुए करीब डेढ़ माह बीत चुका है। आरक्षित वन क्षेत्र में आने वाले 48 किलोमीटर मार्ग की मरम्मत के लिए वन विभाग को 1 करोड़ 21 लाख रुपये की स्वीकृति मिल चुकी है, लेकिन शासन से अंतिम प्रशासनिक अनुमोदन नहीं मिलने के कारण कार्य शुरू नहीं हो सका है।
करीब 73 किलोमीटर लंबे पैदल मार्ग का 48 किलोमीटर हिस्सा आरक्षित वन क्षेत्र में आता है। इस मार्ग पर ज्यूरागली, चंदनियाघाट और सुतोल सहित कई स्थानों पर रास्ता जर्जर स्थिति में है, जिससे यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं को कठिनाइयों का सामना करना पड़ सकता है। वहीं शेष 25 किलोमीटर मार्ग की मरम्मत के लिए अब तक बजट भी जारी नहीं किया गया है।
गौरतलब है कि श्री नंदा राजजात यात्रा 5 अगस्त को कुरूड़ से शुरू होकर 20 सितंबर को होमकुंड में संपन्न होगी। यात्रा में उत्तराखंड सहित देश-विदेश से हजारों श्रद्धालुओं के शामिल होने की संभावना है।
श्री नंदा बड़ीजात समिति के अध्यक्ष हरेंद्र सिंह रावत ने उम्मीद जताई है कि यात्रा शुरू होने से पहले मार्ग की मरम्मत पूरी कर ली जाएगी। वहीं सर्वेश कुमार दुबे ने बताया कि शासन से अनुमोदन मिलते ही मरम्मत कार्य तत्काल शुरू कर दिया जाएगा।
फिलहाल श्रद्धालु और स्थानीय लोग शासन से शीघ्र मंजूरी मिलने का इंतजार कर रहे हैं, ताकि विश्व प्रसिद्ध नंदा राजजात यात्रा सुरक्षित और सुचारु रूप से संपन्न हो सके।