दरभंगा में सनसनीखेज वारदात: ड्यूटी से लौट रहे एयरटेल कर्मी की गोली मारकर हत्या, भड़के ग्रामीणों ने हाईवे किया जाम

Blog
 Image

दरभंगा। बिहार के दरभंगा जिले में अपराधियों के हौसले इस कदर बुलंद हैं कि अब आम नागरिकों का सड़कों पर चलना भी दूभर हो गया है। बहेड़ी थाना क्षेत्र में गुरुवार की देर रात बाइक सवार बेखौफ बदमाशों ने एयरटेल टेलीकॉम कंपनी के एक कर्मचारी की गोली मारकर बेरहमी से हत्या कर दी। इस दुस्साहसिक वारदात के बाद पूरे इलाके में सनसनी फैल गई है और स्थानीय लोगों का गुस्सा फूट पड़ा है। घटना से आक्रोशित सैकड़ों ग्रामीणों ने शुक्रवार सुबह दरभंगा-बहेड़ी स्टेट हाईवे-50 को पूरी तरह जाम कर दिया और पुलिस प्रशासन के खिलाफ जोरदार नारेबाजी की।

पुलिस और परिजनों से मिली जानकारी के अनुसार, बहेड़ी थाना क्षेत्र के निमेठी गांव निवासी संजीव कुमार सिंह एयरटेल कंपनी में कार्यरत थे। गुरुवार रात वह सुरहाचट्टी स्थित मोबाइल टावर पर अपनी ड्यूटी पूरी करने के बाद बाइक से घर लौट रहे थे। वे जैसे ही अपने गांव के पास स्थित आरा मिल के समीप पहुंचे, तभी पहले से घात लगाए बैठे अपाचे बाइक सवार अपराधियों ने उन्हें घेर लिया और उन पर ताबड़तोड़ फायरिंग शुरू कर दी। बदमाशों ने संजीव को संभलने तक का मौका नहीं दिया। ग्रामीण एसपी दीक्षा ने बताया कि प्रारंभिक जांच के अनुसार बदमाशों ने बेहद करीब से फायरिंग की थी। गोलियां संजीव कुमार सिंह के जबड़े और कंधे में जा धंसीं, जिससे वे लूलहान होकर वहीं गिर पड़े। स्थानीय लोगों ने आनन-फानन में उन्हें एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया, लेकिन इलाज के दौरान उन्होंने दम तोड़ दिया। वारदात के बाद शुक्रवार को गुस्साए ग्रामीणों ने स्टेट हाईवे-50 को जाम कर टायर जलाए, जिससे सड़क के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं। प्रत्यक्षदर्शी विजय कुमार सिंह ने बताया कि संजीव बेहद सीधे और मिलनसार व्यक्ति थे, उनका गांव या बाहर किसी से कोई विवाद नहीं था। ग्रामीणों ने पुलिस गश्त पर गंभीर सवाल उठाते हुए कहा कुछ वर्ष पहले इसी ठीक इसी स्थान पर नगर निगम के कर्मचारी अनिल सिंह की भी गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। एक ही संवेदनशील जगह पर बार-बार इतनी बड़ी वारदात होना यह साबित करता है कि इलाके में पुलिस का कोई खौफ नहीं रह गया है। अपराधी खुलेआम घूम रहे हैं और बेकसूर लोग मारे जा रहे हैं।" हत्याकांड की सूचना मिलते ही बहेड़ी थाना पुलिस और बेनीपुर एसडीपीओ समेत भारी संख्या में पुलिस बल मौके पर पहुंचा। पुलिस ने उग्र ग्रामीणों को समझा-बुझाकर और उचित कार्रवाई का आश्वासन देकर जाम खुलवाया। पुलिस ने घटनास्थल से दो खोखे बरामद किए हैं। मामले की वैज्ञानिक जांच के लिए एफएसएल की टीम को मौके पर बुलाया गया, जिसने फिंगरप्रिंट्स और अन्य महत्वपूर्ण साक्ष्य एकत्र किए हैं। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि अपराधियों के भागने के रूट और उनकी पहचान के लिए इलाके में लगे सभी सीसीटीवी कैमरों की फुटेज को खंगाला जा रहा है। पुलिस ने दावा किया है कि तकनीकी और वैज्ञानिक इनपुट्स के आधार पर शूटरों की पहचान जल्द कर ली जाएगी और वे सलाखों के पीछे होंगे। फिलहाल, गांव में तनावपूर्ण शांति को देखते हुए अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है।