प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट ने दी प्रदेशवासियों को फूलदेई की शुभकामनाएं,
सांस्कृतिक विरासत को संजोने का किया आह्वान
देहरादून।
लोकपर्व फूलदेई के अवसर पर शनिवार को भाजपा प्रदेश मुख्यालय बच्चों की मासूम मुस्कान और लोकसंस्कृति की मधुर ध्वनि से महक उठा। इस मौके पर छोटे-छोटे स्कूली बच्चों ने पारंपरिक रीति-रिवाजों के साथ फूलदेई पर्व मनाया और प्रदेशवासियों की सुख-समृद्धि की कामना की।
बच्चों ने भाजपा प्रदेश कार्यालय पहुंचकर मुख्य द्वार पर चावल और रंग-बिरंगे फूल अर्पित किए तथा “फूल देई, छम्मा देई, दैणी द्वार भर भकार” जैसे पारंपरिक लोकगीत गाते हुए खुशहाली और समृद्धि की कामना की। बच्चों की मधुर आवाज और उत्साह से पूरा कार्यालय परिसर लोकसंस्कृति के रंग में रंग गया।
इस अवसर पर भाजपा प्रदेश अध्यक्ष एवं राज्यसभा सांसद महेंद्र भट्ट ने बच्चों का स्वागत करते हुए उन्हें आशीर्वाद दिया और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। उन्होंने कहा कि बच्चों द्वारा पारंपरिक तरीके से फूलदेई मनाना इस बात का प्रमाण है कि उत्तराखंड की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत नई पीढ़ी के माध्यम से आज भी जीवंत बनी हुई है। उन्होंने समाज के सभी वर्गों से लोकपरंपराओं और सांस्कृतिक धरोहर को सहेजने का आह्वान किया।
भट्ट ने कहा कि जैसे फूलों की खुशबू वातावरण को महकाती है, उसी तरह हम सभी मिलकर प्रदेश को विकास और समृद्धि की खुशबू से भरने का काम करेंगे।
इस दौरान प्रदेश महामंत्री संगठन अजेय कुमार ने कहा कि फूलदेई केवल एक पर्व नहीं बल्कि उत्तराखंड की लोकपरंपराओं, प्रकृति प्रेम और सामाजिक सौहार्द का प्रतीक है। इस पर्व के माध्यम से नई पीढ़ी को अपनी संस्कृति और मूल्यों से जुड़ने की प्रेरणा मिलती है।
कार्यक्रम में उपस्थित पदाधिकारियों और वरिष्ठ कार्यकर्ताओं ने भी बच्चों का स्वागत किया और प्रदेशवासियों को फूलदेई पर्व की हार्दिक शुभकामनाएं दीं।

