पौड़ी
देवप्रयाग मोटरमार्ग पर दर्दनाक वाहन हादसा,पाँच की मौत..
पौड़ी-देवप्रयाग मार्ग पर शुक्रवार को हुए भीषण सड़क हादसे में पांच लोगों की मौत हो गई,जबकि एक बच्चा गंभीर रूप से घायल हो गया।हादसा कुंडाधार के समीप उस समय हुआ,जब हरिद्वार से पौड़ी जा रही एक कार अनियंत्रित होकर गहरी खाई में जा गिरी।दुर्घटना के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई और स्थानीय लोग तत्काल राहत-बचाव में जुट गए।

प्रारंभिक जानकारी के अनुसार कार में छह से सात लोग सवार थे। अब तक पांच शव बरामद किए जा चुके हैं,जबकि घायल बच्चे को उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया है।आशंका है कि वाहन में अन्य लोग भी सवार हो सकते हैं।इसे देखते हुए एसडीआरएफ और पुलिस की टीम खाई में सर्च एवं रेस्क्यू अभियान चला रही है।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार हादसे की आवाज सुनते ही आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे और पुलिस व प्रशासन को सूचना दी।सूचना मिलते ही पुलिस,एसडीआरएफ और अन्य बचाव दल घटनास्थल पर पहुंचे तथा राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया।
फिलहाल दुर्घटना के कारणों का पता नहीं चल पाया है।पुलिस मामले की जांच कर रही है।मृतकों की शिनाख्त और हादसे से जुड़ी अन्य जानकारी जुटाई जा रही है।7.08.2026 को 11.30 बजे थाना देवप्रयाग पर सूचना प्राप्त हुई कि पौड़ी देवप्रयाग मार्ग पर कुंडधार के निकट एक वाहन सड़क से नीचे खाई में गिर गया है। सूचना प्राप्त होते ही थाना देवप्रयाग पुलिस, एसडीआरएफ की टीम तत्काल मौके पर पहुंची तथा राहत एवं बचाव कार्य प्रारंभ किया गया। मौके पर जांच करने पर ज्ञात हुआ कि वाहन संख्या UK08 BL 0387 (बोलेरो) अनियंत्रित होकर लगभग 250 मीटर गहरी खाई में गिर गया था। वाहन में कुल 06 लोग सवार थे जिसमें से 05 लोगों की मृत्यु हो गई है,पांचवें अज्ञात व्यक्ति की पहचान गुफरान (उम्र 34 वर्ष) पुत्र अकबर के रूप में हुई है। घटना में घायल अरमान पुत्र अफजल, निवासी- रायपुर जीतपुर, थाना कोतवाली लक्सर, जनपद हरिद्वार का रेस्क्यू कर बेस अस्पताल श्रीनगर भेजा गया है।
मृतक
1.अफजाल पुत्र अकबर सूफी, उम्र 49 वर्ष
2.शब्बो पत्नी अफजाल उम्र 40 वर्ष
3.अन्नाविया पुत्री अफजाल, उम्र 03 वर्ष
4.शादाब पुत्र अफजल उम्र 14 वर्ष
5. गुफरान पुत्र अकबर उम्र 34 वर्ष
सभी निवासी रायपुर जीतपुर, थाना कोतवाली लक्सर, जनपद हरिद्वार
पुलिस द्वारा मृतकों के शवों को खाई से निकालकर आवश्यक कार्यवाही की जा रही है। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार मृतक अफजाल द्वारा पौड़ी में ठेकेदारी का कार्य किया जा रहा था तथा वह अपने परिवार को घुमाने पौड़ी की ओर आ रहे थे और स्वयं गाड़ी चला रहे थे। घटनास्थल पर क्षेत्राधिकारी पौड़ी तपेश कुमार, प्रभारी निरीक्षक कोतवाली पौड़ी जयपाल नेगी, थानाध्यक्ष देवप्रयाग अमरजीत सिंह रावत, पुलिस टीम, 02 टीम SDRF सहित राजस्व विभाग एवं परिवहन विभाग की टीमें भी मौजूद रही।

