कर्णप्रयाग के पास कालेश्वर में हुई एक कार और टेम्पो में जबरदस्त टक्कर, सभी सुरक्षित

Blog
 Image

चमोली 

ललिता प्रसाद लखेड़ा 
कर्णप्रयाग के पास कालेश्वर में हुई एक कार और टेम्पो में जबरदस्त टक्कर, सभी सुरक्षित


         बद्रीनाथ हाईवे पर सड़क दुर्घटनाओं का सिलसिला थमने का नाम नहीं ले रहा है। ताजा मामला कालेश्वर क्षेत्र का है, जहां रविवार को एक कार और टेम्पो ट्रैवलर के बीच जोरदार टक्कर हो गई। हादसा इतना जबरदस्त था कि दोनों वाहनों में सवार यात्रियों के बीच चीख-पुकार और अफरा-तफरी मच गई। हालांकि राहत की बात यह रही कि इस दुर्घटना में किसी भी यात्री को गंभीर चोट नहीं आई और सभी लोग सुरक्षित बताए जा रहे हैं।
      प्राप्त जानकारी के अनुसार कार में सवार श्रद्धालु बद्रीनाथ धाम के दर्शन कर वापस अपने घर लौट रहे थे। इसी दौरान कालेश्वर के पास कार चालक को अचानक नींद की झपकी आ गई, जिससे कार अनियंत्रित होकर सामने से आ रहे टेम्पो ट्रैवलर से भिड़ गयी। दोनों वाहनों की टक्कर के बाद मौके पर हड़कंप मच गया और सूचना पर आसपास मौजूद लोगों ने तत्काल राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया गया। प्रत्यक्षदर्शी कालेश्वर निवासी विपिन रावत ने बताया कि दोनों वाहनों की टक्कर की आवाज काफी दूर तक सुनाई दी। जिसके बाद स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे और दोनों वाहनों में सवार यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकाला। 
          सूचना मिलने पर पुलिस और प्रशासन की टीम भी मौके पर पहुंची तथा स्थिति का जायजा लिया। हादसे के कारण बद्रीनाथ हाईवे पर कुछ समय के लिए यातायात भी प्रभावित रहा और सड़क पर वाहनों की लंबी कतार लग गई। बाद में पुलिस और स्थानीय लोगों की मदद से क्षतिग्रस्त वाहनों को सड़क से हटाकर यातायात को सुचारू कराया गया।
        जानकारी के अनुसार कार में सवार श्रद्धालु उत्तर प्रदेश के निवासी हैं, जबकि टेम्पो ट्रैवलर में सवार यात्री पंजाब से हेमकुंड साहिब की यात्रा पर जा रहे थे। गनीमत रही कि हादसे में कोई हताहत नहीं हुआ ।  फिलहाल पुलिस दुर्घटना के कारणों की जांच कर रही है।