गंगा नदी में समाई राजस्थान के यात्रियों की कार, वाहन में चालक सहित सात लोग थे सवार 2 पुरुषों सहित 1 महिला का शव बरामद,4 अभी भी लापता

Blog
 Image

गंगा नदी में समाई राजस्थान के यात्रियों की कार, वाहन में चालक सहित सात लोग थे सवार

2 पुरुषों सहित 1 महिला का शव बरामद,4 अभी भी लापता


नरेंद्रनगर।

ऋषिकेश-बदरीनाथ हाइवे पर देवप्रयाग के पास गंगा दर्शन होटल के समीप एक यात्री कार अनियंत्रित होकर 200 मीटर खाई से गिरते हुए सीधे गंगा नदी में समा गई।
  बताया जा रहा है कि वाहन बदरीनाथ से लौट रहा था। वाहन चालक सहित जैसलमेर राजस्थान के दो परिवारों के कुल सात लोग वाहन में सवार थे। पुलिस व एसडीआरएफ की टीम ने मौके पर पहुंच कर 12 वर्षीय बालक को निकालकर बेस अस्पताल श्रीनगर पहुंचाया।
  जबकि देर शाम तक दो पुरुषों सहित एक महिला का शव घटनास्थल से निकाला गया।
   इसके अलावा चार अन्य लोग लापता हैं। जिसके लिए रेस्क्यू चल रहा है।


मंगलवार सुबह करीब 10 बजे थाना देवप्रयाग क्षेत्र के चकासा में स्थानीय लोगों ने गंगा दर्शन होटल के समीप एक कार अनियंत्रित होकर गंगा नदी की ओर लुढ़कते देखा। बताया गया कि चारधाम यात्रा से लौट रही कार संख्या यूके-08-टीए 5433 में चालक सहित जैसलमेर राजस्थान के दो परिवारों के सात लोग सवार थे।
 दुर्घटना की सूचना मिलते ही पुलिस व एसडीआरएफ की टीमों ने मौके पर पहुंचकर खोजबीन और बचाव का कार्य शुरू किया। देवप्रयाग के कोतवाल प्रशांत बहुगुणा ने बताया कि मंगलवार सुबह करीब 10 बजे देवप्रयाग से पांच किमी आगे बदरीनाथ धाम से लौट रही इनोवा कार मिट्टी के पांच फीट ऊंचे ढेर को पार कर तेज ढलान से करीब 200 मीटर नीचे गंगा में समा गई। पुलिस व एसडीआरएफ की टीम तत्काल रेस्क्यू में जुट गई थी।
   ब्यासी व ऋषिकेश से पहुंचे गोताखोरों ने गंगा में तलाशी अभियान शुरू किया। ढलान पर गम्भीर रूप से घायल मिले आयुष्मान परिहार (12) पुत्र हरीश कुमार परिहार को तत्काल उपचार के लिए श्रीनगर भेजा गया। नदी तट के निकट दो पुरुषों व एक महिला का शव बरामद किया गया है। जिनकी शिनाख्त नहीं हो सकी है। जबकि गंगा में लापता चार अन्य कार सवारों की तलाश के लिए राफ्ट व गोताखोरों के जरिए लगातार सर्च अभियान चलाया गया, जिनका देर शाम तक भी कुछ पता नहीं लगा। 
मौके पर पहुंचे देवप्रयाग तहसीलदार बीरम सिंह पंवार ने कार सवार लोगों की जानकारी देते हुए बताया कि कार में राजस्थान के जैसलमेर निवासी हरीश की पत्नी गुड्डी देवी (40), पुत्र अवलेश (22), नम्बरदार, आयुष्मान (12), पुत्री जाह्नवी (18) सहित डा० दिनेश (27), उनकी पत्नी कमला और चालक सवार था। पुलिस व प्रशासन की ओर से स्वजनों से संपर्क के बाद मृतकों की पहचान किए जाने की कोशिश की जा रही है। वहीं, उत्तराखंड नंबर की कार के चालक का नाम व पता भी ज्ञात किया जा रहा है।
  रेस्क्यू अभियान अब कल सुबह फिर किया जाएगा।