मुख्यमंत्री धामी ने छात्राओं संग सुना ‘मन की बात’, सकारात्मक बदलावों के लिए किया प्रेरित

Blog
 Image

मुख्यमंत्री धामी ने छात्राओं संग सुना ‘मन की बात’, सकारात्मक बदलावों के लिए किया प्रेरित

नेताजी सुभाष चन्द्र बोस आवासीय बालिका छात्रावास की बालिकाओं से संवाद कर जाना फीडबैक,

 पढ़ाई के साथ खेलकूद में भी सक्रिय रहने की दी सलाह

देहरादून।

मुख्यमंत्री  ने रविवार को मुख्यमंत्री आवास में नेताजी सुभाष चन्द्र बोस आवासीय बालिका छात्रावास की बालिकाओं के साथ प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के ‘मन की बात’ कार्यक्रम के 134वें संस्करण को सुना।
इस अवसर पर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि ‘मन की बात’ देशवासियों को प्रेरित करने वाला एक सशक्त माध्यम बन गया है। प्रधानमंत्री विभिन्न क्षेत्रों की प्रेरणादायक कहानियों को साझा कर लोगों को जनहित के कार्यों के लिए प्रेरित करते हैं। उन्होंने कहा कि आत्मनिर्भर भारत, पर्यावरण संरक्षण, स्वच्छता, नवाचार, स्थानीय उत्पादों को बढ़ावा देने तथा सामाजिक सरोकारों से जुड़े विषयों पर प्रधानमंत्री के संदेश समाज में सकारात्मक परिवर्तन का आधार बन रहे हैं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री की प्रेरणा से उत्तराखंड में भी अनेक लोग अपने कार्यों से समाज में उल्लेखनीय बदलाव ला रहे हैं और राज्य सरकार ऐसे लोगों को प्रोत्साहित करने का कार्य कर रही है। उन्होंने बताया कि कार्यक्रम में प्रधानमंत्री ने भीषण गर्मी के दौरान स्वास्थ्य का विशेष ध्यान रखने, गर्मी से बचाव के उपाय अपनाने तथा देशी एवं पारंपरिक पेयों को बढ़ावा देने का आह्वान किया। साथ ही भारतीय फलों, विशेषकर आम की विशेषताओं का भी उल्लेख किया।
कार्यक्रम के बाद मुख्यमंत्री ने छात्रावास की छात्राओं से संवाद कर ‘मन की बात’ के संबंध में उनका फीडबैक लिया और उनके विचार जाने। उन्होंने छात्राओं से कहा कि पढ़ाई के साथ-साथ खेलकूद और अपनी रुचि के अन्य क्षेत्रों में भी सक्रिय भागीदारी करें। उन्होंने कहा कि जीवन में छोटे-छोटे सकारात्मक प्रयास बड़े बदलावों की नींव रखते हैं और अच्छे कार्यों से अन्य लोग भी प्रेरित होकर समाज में सकारात्मक वातावरण का निर्माण करते हैं।
मुख्यमंत्री ने छात्राओं को निष्ठा, समर्पण और अनुशासन के साथ आगे बढ़ने का संदेश देते हुए कहा कि अच्छे कार्य हमेशा दूसरों के लिए प्रेरणा का स्रोत बनते हैं।