चारधाम यात्रा एसपी चमोली ने गेट सिस्टम का किया निरीक्षण
ज्योतिर्मठ-मारवाड़ी मार्ग की स्थिति परखी
यातायात व्यवस्था को सुचारू बनाने के लिए दिए आवश्यक निर्देश
उत्कृष्ट कार्य पर एएसआई सोहन सिंह सम्मानित
जोशीमठ।
चारधाम यात्रा के दौरान बढ़ते यातायात दबाव को देखते हुए पुलिस अधीक्षक चमोली सुरजीत सिंह पंवार ने रविवार को ज्योतिर्मठ से मारवाड़ी पुल तक लागू गेट सिस्टम का स्थलीय निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने यातायात प्रबंधन, पुलिस बल की तैनाती, यात्रियों की सुविधाओं तथा सड़क की वर्तमान स्थिति का जायजा लेकर संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
चारधाम यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं और वाहनों की लगातार बढ़ती संख्या के कारण बद्रीनाथ राष्ट्रीय राजमार्ग पर ज्योतिर्मठ से मारवाड़ी के बीच क्षतिग्रस्त एवं संकरे मार्ग पर बार-बार जाम की स्थिति उत्पन्न हो रही है। इसी को ध्यान में रखते हुए पुलिस द्वारा यातायात को व्यवस्थित और सुचारू बनाए रखने के लिए प्रभावी गेट सिस्टम लागू किया गया है।
गेट सिस्टम के तहत वाहनों का नियंत्रित एवं चरणबद्ध संचालन किया जा रहा है, जिससे मार्ग पर यातायात का दबाव कम हो और यात्रियों को लंबे जाम से राहत मिल सके। निरीक्षण के दौरान एसपी ने ड्यूटी पर तैनात पुलिस कर्मियों से संवाद कर उन्हें पूरी सतर्कता और जिम्मेदारी के साथ कार्य करने के निर्देश दिए।
उन्होंने कहा कि श्रद्धालुओं की सुरक्षा, सुविधा और निर्बाध यात्रा सुनिश्चित करना पुलिस की सर्वोच्च प्राथमिकता है। साथ ही उन्होंने निर्देश दिए कि आपातकालीन सेवा वाहनों को गेट सिस्टम से मुक्त रखा जाए, ताकि आवश्यकता पड़ने पर उनकी आवाजाही प्रभावित न हो।
इस अवसर पर यात्रा अवधि में उत्कृष्ट यातायात प्रबंधन, कर्तव्यनिष्ठा और समर्पण के साथ ड्यूटी निभाने पर अपर उपनिरीक्षक सोहन सिंह को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया।
चमोली पुलिस ने कहा कि चारधाम यात्रा को सुरक्षित, सुगम और व्यवस्थित बनाने के लिए सभी आवश्यक व्यवस्थाओं पर लगातार निगरानी रखी जा रही है।

