रुद्रपुर में गरजे सीएम धामी: राहुल, अखिलेश और खड़गे पर बोला सीधा हमला,बोले-विपक्ष की मोहब्बत और झूठ दोनों की दुकानें अब घाटे में

Blog
 Image

रुद्रपुर। उत्तराखंड के ऊधम सिंह नगर जिला मुख्यालय रुद्रपुर में भारतीय जनता पार्टी द्वारा आयोजित ‘लोकतंत्र बचाओ, अराजकता हटाओ’ कार्यक्रम के दौरान राजनीतिक सरगर्मियां चरम पर पहुंच गईं। गांधी पार्क में आयोजित विशाल जनसभा और उसके बाद निकली ऐतिहासिक पदयात्रा के दौरान मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कांग्रेस और समाजवादी पार्टी के शीर्ष नेतृत्व पर अब तक का सबसे तीखा राजनीतिक हमला बोला। सीएम धामी ने राहुल गांधी, अखिलेश यादव और मल्लिकार्जुन खड़गे को आड़े हाथों लेते हुए विपक्ष को सनातन विरोधी, सेना का अपमान करने वाला और देश में भ्रम-अराजकता फैलाने वाला करार दिया।

ऊधम सिंह नगर जिला मुख्यालय रुद्रपुर में मंगलवार को आयोजित भारतीय जनता पार्टी की ‘लोकतंत्र बचाओ, अराजकता हटाओ’ पदयात्रा के दौरान मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कांग्रेस और समाजवादी पार्टी पर तीखे राजनीतिक हमले किए। गांधी पार्क में आयोजित जनसभा को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने कांग्रेस नेता राहुल गांधी, समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव और कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे को निशाने पर लिया। उन्होंने विपक्ष पर सनातन विरोधी मानसिकता रखने, देश में भ्रम फैलाने और सेना के शौर्य पर सवाल उठाने का आरोप लगाया। मुख्यमंत्री ने कहा कि विपक्ष की राजनीति अब केवल विरोध और भ्रम फैलाने तक सीमित रह गई है। अपने संबोधन में मुख्यमंत्री ने विपक्ष की राजनीतिक गतिविधियों पर तंज कसते हुए कहा कि उसकी स्थिति ऐसी हो गई है कि ‘900 चूहे खाकर बिल्ली हज को चली’। उन्होंने कहा कि जनता कांग्रेस को संसद से बाहर का रास्ता दिखा चुकी है, लेकिन विपक्ष अब मॉक संसद के माध्यम से अपनी राजनीतिक मंशा पूरी करने का प्रयास कर रहा है। दिल्ली के रामलीला मैदान में विपक्ष की रैली का जिक्र करते हुए उन्होंने आरोप लगाया कि व्यापारियों और दुकानदारों की परेशानियों को नजरअंदाज कर बाजार बंद कराए गए, जिससे कारोबार प्रभावित हुआ। मुख्यमंत्री ने राहुल गांधी पर राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार अजीत डोभाल के खिलाफ कथित आपत्तिजनक भाषा का इस्तेमाल करने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि भारतीय सेना में हर पांचवां जवान उत्तराखंड से आता है। ऐसे में सेना के शौर्य और सैन्य कार्रवाई पर सवाल उठाना प्रदेश के सैनिकों और उनके परिवारों की भावनाओं को आहत करता है। सर्जिकल स्ट्राइक का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा कि कांग्रेस के नेता कभी सेना से कार्रवाई के सबूत मांगते हैं तो कभी राष्ट्रीय सुरक्षा से जुड़े विषयों पर सवाल खड़े करते हैं। मुख्यमंत्री ने कांग्रेस नेतृत्व से अपने नेताओं के बयानों पर जवाब देने की बात भी कही। अपने भाषण में धामी ने उत्तराखंड राज्य आंदोलन के इतिहास को भी राजनीतिक बहस के केंद्र में रखा। उन्होंने खटीमा गोलीकांड का उल्लेख करते हुए कहा कि उस घटना में सात लोगों की जान गई थी और कई लोग घायल हुए थे। वहीं, रामपुर तिराहा कांड का जिक्र करते हुए उन्होंने तत्कालीन मुख्यमंत्री मुलायम सिंह यादव के नेतृत्व वाली समाजवादी पार्टी सरकार को जिम्मेदार ठहराया। मुख्यमंत्री ने अखिलेश यादव पर निशाना साधते हुए कहा कि उत्तराखंड के लोगों के लिए उस घटना के जख्म आज भी ताजा हैं। उन्होंने अखिलेश यादव पर प्रदेशवासियों को घुसपैठिया कहकर अपमानित करने का आरोप भी लगाया। मुख्यमंत्री ने कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे पर हल्द्वानी की एक रैली में कथित तौर पर लगे विवादित नारों पर चुप्पी साधने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि कांग्रेस नेता अपनी सुविधा के अनुसार मुद्दों पर प्रतिक्रिया देते हैं। राहुल गांधी की ‘मोहब्बत की दुकान’ पर कटाक्ष करते हुए उन्होंने कहा कि अब उनकी मोहब्बत की दुकान घाटे में चली गई है और झूठ की दुकान भी जल्द बंद हो जाएगी। उन्होंने कांग्रेस को न्याय यात्रा के बजाय अपने शासनकाल के लिए प्रायश्चित यात्रा निकालने की नसीहत दी। मुख्यमंत्री ने उत्तराखंड में भाजपा सरकार की उपलब्धियां गिनाते हुए कहा कि पंतनगर एयरपोर्ट को अंतरराष्ट्रीय स्तर के हवाई अड्डे के रूप में विकसित करने की स्वीकृति मिल चुकी है। ऊधम सिंह नगर के खुरपिया में औद्योगिक स्मार्ट सिटी का काम शुरू हो गया है और जमरानी बांध परियोजना की बाधाएं दूर हुई हैं। इसके साथ ही एम्स की सुविधाओं के विस्तार को भी सरकार की उपलब्धि बताया। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश विकसित भारत के लक्ष्य की ओर बढ़ रहा है। कार्यकर्ताओं से आगामी चुनावों में भी जनता के बीच जाकर सरकार के कार्यों को पहुंचाने का आह्वान किया। जनसभा के दौरान उस समय असहज स्थिति पैदा हो गई, जब मुख्यमंत्री से मिलने के लिए अपनी फरियाद लेकर एक युवक पहुंचा। आरोप है कि पुलिसकर्मियों ने उसे मुख्यमंत्री तक पहुंचने से रोक दिया और बाहर की ओर धकेल दिया। इस घटनाक्रम से कुछ देर के लिए मौके पर अफरा-तफरी की स्थिति बन गई। मामला सामने आने के बाद भाजपा जिलाध्यक्ष मंच से नीचे उतरे और युवक के पास पहुंचकर उसकी बात सुनने का प्रयास किया। जनसभा के बाद मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी, भाजपा प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट, सांसद अजय भट्ट, कैबिनेट मंत्री सौरभ बहुगुणा, विधायक शिव अरोरा सहित पार्टी के वरिष्ठ नेताओं और कार्यकर्ताओं ने पदयात्रा में हिस्सा लिया। पदयात्रा गांधी पार्क से शुरू होकर बाटा चौक, मेन बाजार, हरि मंदिर और काशीपुर बाईपास होते हुए अग्रसेन चौक पहुंची। इसके बाद यात्रा वापस गांधी पार्क पहुंचकर संपन्न हुई। कार्यक्रम के माध्यम से भाजपा नेताओं ने पार्टी की नीतियों और सरकार की उपलब्धियों को जनता तक पहुंचाने का प्रयास किया।