एशियन चैंपियनशिप गोल्ड मेडल विजेता मुन्नी देवी का  बमोथ के स्कूल में हुआ स्वागत

Blog
 Image

 

चमोली

ललिता प्रसाद लखेड़ा 
एशियन चैंपियनशिप गोल्ड मेडल विजेता मुन्नी देवी का  बमोथ के स्कूल में हुआ स्वागत


            एशियन पावरलिफ्टिंग चैंपियनशिप प्रतियोगिता में गोल्ड मेडल विजेता मुन्नी देवी का अपने मायके के गांव बमोथ में संचालित अशासकीय सहायता प्राप्त जनता उच्चतर माध्यमिक विद्यालय द्वारा भव्य स्वागत किया गया। 


                  इस अवसर पर पावरलिफ्टर मुन्नी देवी ने विद्यालय परिवार के प्रति धन्यवाद ज्ञापित करते हुऐ छात्र छात्राओं को संबोधित किया और कहा कि अपने जीवन में कामयाबी हासिल करने के लिऐ कठिन परिश्रम, निरन्तर अभ्यास और अनुशासन में रहते हुऐ उच्च प्रदर्शन प्राप्त किया जा सकता है। उन्होंने बच्चों से पढ़ाई के साथ ही क्रीड़ा प्रतियोगिता में भाग लेने का आह्वान किया और कहा कि आप भी कठिन परिश्रम और लगनशील बन कर किसी भी प्रतियोगिता में उच्च स्थान प्राप्त कर देश, प्रदेश व जनपद का नाम रोशन कर सकते हैं। उन्होंने पढ़ाई पर विशेष ध्यान देने के साथ ही विभिन्न प्रतियोगिताओं में भाग लेने के लिये बच्चों को प्रेरित किया। 
      इस अवसर पर विद्यालय के प्रधानाचार्य राकेश प्रसाद ममगाईं ने कहा कि बमोथ की बेटी और किमोठा गांव की बहू श्रीमती मुन्नी देवी ने सीमित साधन, घरेलू जिम्मेदारियां और समाज के सोच के बावजूद साधारण परिवार से निकलकर मेहनत और हिम्मत का परिचय देते हुऐ एशियन पावरलिफ्टिंग चैंपियनशिप जैसी राष्ट्रीय प्रतियोगिता में गोल्ड मेडल अर्जित कर देश, प्रदेश व जनपद चमोली का नाम रोशन किया है। उन्होंने मुन्नी देवी की इस उपलब्धि पर बधाई एवं शुभकामनाएं देते हुऐ उनके उज्जवल भविष्य के प्रति कामना व्यक्त की। मुन्नी देवी ने बच्चों को इन खुशी में मिष्ठान वितरण किया।
       इस अवसर पर विद्यालय के प्रधानाचार्य राकेश प्रसाद ममगाईं, शिक्षक आनन्दमणि देवली, राजेश पन्त, गौरव पुरोहित, देवेन्द्र कुमार, सुश्री रितिका जोशी, सुश्री निक्की पंवार, लिपिक सुनील जग्गी, परिचालक पुष्पेन्द्र रावत आदि मौजूद रहे।