स्यानाचट्टी में डीएम प्रशांत आर्य का मेगा एक्शन, हाईवे से लेकर गांवों की सड़क तक दिए सख्त फरमान

Blog
 Image

स्यानाचट्टी में डीएम प्रशांत आर्य का मेगा एक्शन, हाईवे से लेकर गांवों की सड़क तक दिए सख्त फरमान

उत्तरकाशी
लगातार हो रही बारिश के बीच जिलाधिकारी प्रशांत आर्य शनिवार को एक्शन मोड में नजर आए। उन्होंने पहले स्यानाचट्टी के भूस्खलन प्रभावित क्षेत्र का स्थलीय निरीक्षण कर राष्ट्रीय राजमार्ग की बहाली, वैकल्पिक मार्ग निर्माण और यात्रियों की सुरक्षा व्यवस्थाओं की समीक्षा की, वहीं बाद में विकासनगर-यमुनोत्री राष्ट्रीय राजमार्ग के चौड़ीकरण के दौरान क्षतिग्रस्त हुई सारीगाड-कंडारी मोटर मार्ग का निरीक्षण कर ग्रामीणों की समस्याएं सुनीं और अधिकारियों को त्वरित समाधान के निर्देश दिए।
स्यानाचट्टी में जिलाधिकारी ने राष्ट्रीय राजमार्ग पर यातायात जल्द बहाल करने के लिए वैकल्पिक मार्ग का निर्माण युद्धस्तर पर कराने के निर्देश दिए। उन्होंने अधिशासी अभियंता एनएच को यमुना नदी पर निर्माणाधीन पुल का कार्य एक सप्ताह के भीतर हर हाल में पूरा करने का सख्त निर्देश दिया। साथ ही ट्रांसशिपमेंट व्यवस्था को और अधिक सुरक्षित व व्यवस्थित बनाने, वैकल्पिक पैदल मार्ग पर रस्सियां, सोलर लाइट तथा अन्य सुरक्षा इंतजाम तत्काल सुनिश्चित करने को कहा।
डीएम ने सिंचाई विभाग द्वारा यमुना नदी पर चल रहे चैनलाइजेशन कार्यों का भी निरीक्षण किया और गढ़गाड़ क्षेत्र में नदी के प्रवाह में बाधा बने मलबे को तत्काल हटाने तथा मशीनों की संख्या बढ़ाकर कार्य में तेजी लाने के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट कहा कि चारधाम यात्रा पर आए श्रद्धालुओं और स्थानीय नागरिकों की सुरक्षा प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है।
इसके बाद जिलाधिकारी ने सारीगाड-कंडारी मोटर मार्ग का निरीक्षण किया, जो राष्ट्रीय राजमार्ग चौड़ीकरण के दौरान क्षतिग्रस्त हो गया है। ग्रामीणों ने बताया कि सड़क खराब होने से टमाटर, आलू, बीन और सेब जैसी नकदी फसलों को बाजार तक पहुंचाने में भारी दिक्कतें आ रही हैं। इस पर जिलाधिकारी ने एनएच बड़कोट को सड़क की मरम्मत में तेजी लाकर क्षतिग्रस्त हिस्से को जल्द सुचारु करने के निर्देश दिए।
ग्रामीणों की मांग पर जिलाधिकारी ने सारीगाड बाजार से सारी बैंड तक लगभग 700 मीटर सड़क निर्माण के प्रस्ताव पर परीक्षण के बाद आवश्यक कार्रवाई का आश्वासन भी दिया।
निरीक्षण के दौरान ग्रामीणों ने कंडारी पंपिंग पेयजल परियोजना लंबे समय से बंद होने की शिकायत भी रखी। जिलाधिकारी ने अधिशासी अभियंता जल संस्थान को तत्काल समस्या का समाधान करने के निर्देश दिए। साथ ही ग्रामीणों की मांग पर मानसून सीजन के बाद गातू में बहुउद्देशीय जनसेवा शिविर आयोजित कराने का भी भरोसा दिलाया।
जिलाधिकारी ने कहा कि सड़क, पेयजल और यातायात जैसी बुनियादी सुविधाओं की बहाली में किसी प्रकार की ढिलाई नहीं बरती जाएगी और सभी विभाग समन्वय के साथ तेजी से कार्य पूरा करें, ताकि आम जनता और चारधाम यात्रियों को जल्द राहत मिल सके।