भराड़ीसैंण में बजट सत्र का चौथा दिन
बजट पर सामान्य चर्चा, कई अहम मुद्दों पर सरकार से जवाब तलब
गैरसैंण/भराड़ीसैंण।
उत्तराखंड विधानसभा के बजट सत्र का चौथा दिन गुरुवार को भराड़ीसैंण में शुरू हुआ। सदन की कार्यवाही की शुरुआत प्रश्नकाल से हुई, जिसमें विधायकों ने अपने-अपने क्षेत्रों और जनहित से जुड़े कई मुद्दों पर सरकार से सवाल पूछे। प्रश्नकाल के बाद आज सदन में राज्य के बजट पर सामान्य चर्चा होगी, जबकि विभागवार बजट पर चर्चा कल से शुरू होने की संभावना है। इसके बाद नियम 58 के तहत लिए गए सवालों पर भी चर्चा होगी। अपनी-अपनी राय रखेंगे। विपक्ष जहां बजट में की गई घोषणाओं और प्रावधानों को लेकर सरकार से सवाल उठाएगा, वहीं सत्ता पक्ष इसे राज्य के विकास के लिए संतुलित और दूरदर्शी बजट बताएगा। चर्चा के दौरान रोजगार, स्वास्थ्य, शिक्षा, सड़क, पर्यटन और कृषि जैसे कई अहम मुद्दों के साथ ही विधायक अपने-अपने विधानसभा क्षेत्रों की समस्याएं भी सदन में उठाएंगे।
इससे पहले बुधवार को राज्यपाल के अभिभाषण पर धन्यवाद प्रस्ताव पर चर्चा के दौरान मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने सत्र की अवधि बढ़ाने के संकेत दिए थे। उन्होंने कहा कि यदि जरूरत पड़ी तो रविवार को अवकाश रखते हुए सोमवार को भी सदन की कार्यवाही जारी रखी जा सकती है। उन्होंने कहा कि विपक्ष की हर बात का जवाब दिया जाएगा और जितनी चर्चा विपक्ष चाहता है, उतनी चर्चा के लिए सरकार तैयार है।
खाद्य पदार्थों के 330 सैंपल फेल
सदन में खाद्य पदार्थों में मिलावट और भ्रामक मामलों का मुद्दा भी उठा। स्वास्थ्य मंत्री धन सिंह रावत ने बताया कि पिछले दो वर्षों में कुल 3,311 खाद्य पदार्थों के सैंपल लिए गए, जिनमें से 330 सैंपल फेल पाए गए हैं। इन मामलों से जुड़े सभी वाद न्यायालय में लंबित हैं। उन्होंने यह भी बताया कि देहरादून में खाद्य परीक्षण लैब बनकर तैयार है और इसका उद्घाटन 31 मार्च 2026 से पहले किया जाएगा।
ऑनलाइन खाद्य पदार्थों की बिक्री और जांच को लेकर भी सवाल उठे। इस पर स्वास्थ्य मंत्री ने कहा कि जहां भी सदस्य सुझाव देंगे, वहां कार्रवाई की जाएगी और जल्द ही जांच शुरू कराई जाएगी। कैंसर को नोटिफाई करने के लिए भी जल्द गाइडलाइन जारी की जाएगी।
कांग्रेस विधायक मयूख महर ने पिथौरागढ़ बेस अस्पताल में हो रहे भू-धंसाव का मुद्दा उठाया। उन्होंने पूछा कि अस्पताल निर्माण से पहले भू-वैज्ञानिक सर्वे हुआ था या नहीं। इस पर स्वास्थ्य मंत्री ने बताया कि मेडिकल कॉलेज के निर्माण से पहले भू-वैज्ञानिक सर्वे कराया गया था, लेकिन बाद में भू-धंसाव की समस्या सामने आई है। अब इस पूरे क्षेत्र का सर्वे आईआईटी रुड़की से कराया जाएगा।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने सदन में कांग्रेस विधायकों से अपने गोद लिए गांव सारकोट के भ्रमण का आग्रह किया। उन्होंने कहा कि पिछली बार भी आग्रह किया था और इस बार भी सभी सदस्य समय निकालकर गांव जरूर जाएं।
प्रश्नकाल में उठे अन्य मुद्दे
प्रश्नकाल के दौरान गोल्डन कार्ड योजना, स्वास्थ्य कर्मियों की पेंशन, कैंसर अस्पताल, भूकंप सेंसर और अटल उत्कृष्ट विद्यालयों में खाली पदों का मुद्दा भी उठा। सरकार ने बताया कि प्रदेश में 169 स्थानों पर भूकंप सेंसर लगाए गए हैं और 500 और लगाने की योजना है। इसके लिए अब तक करीब 115 करोड़ रुपये खर्च किए गए हैं।
वहीं शिक्षा मंत्री ने अटल उत्कृष्ट विद्यालयों में खाली एलटी और प्रवक्ता पदों पर जल्द शत-प्रतिशत नियुक्ति का आश्वासन दिया।
सत्र की कार्यवाही से पहले मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने भराड़ीसैंण स्थित भराड़ी देवी मंदिर में दर्शन कर प्रदेश की सुख-समृद्धि और प्रगति की कामना की।

