नई दिल्ली। शैक्षणिक संस्थानों को बच्चों के सर्वांगीण विकास और सुरक्षा का सबसे भरोसेमंद ठिकाना माना जाता है, लेकिन आंध्र प्रदेश और दिल्ली से सटे नोएडा में सामने आई दो अलग-अलग घटनाओं ने स्कूलों की सुरक्षा व्यवस्था, प्रवेश नियंत्रण और स्टाफ की निगरानी पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। एक तरफ जहां आंध्र प्रदेश के अनंतपुर में एक सिरफिरे ने क्लासरूम में घुसकर 10वीं की छात्रा पर पेड़ काटने वाली आरी से प्राणघातक हमला कर दिया, वहीं नोएडा के एक बड़े निजी स्कूल में दूसरी कक्षा के सात वर्षीय मासूम को 15 से अधिक बच्चों ने फर्श पर गिराकर बेरहमी से पीटा। आंध्र प्रदेश के अनंतपुर जिले के राप्टाडु मंडल मुख्यालय स्थित जिला परिषद हाई स्कूल में उस वक्त चीख-पुकार मच गई, जब एक युवक हाथ में पेड़ काटने वाली आरी लेकर सीधे 10वीं कक्षा में दाखिल हुआ। उसने बिना किसी संकोच के एक छात्रा पर अंधाधुंध वार करने शुरू कर दिए। आरोपी ने छात्रा के चेहरे, सिर और पीठ पर आरी से गंभीर प्रहार किए। कक्षा में मौजूद अन्य बच्चे दहशत में आ गए। इस दौरान एक सहपाठी छात्रा ने बीच-बचाव की कोशिश की, जिससे वह भी मामूली रूप से जख्मी हो गई। हमले के बाद छात्रा खून से लथपथ होकर गिर पड़ी और आरोपी मौके से फरार हो गया। शिक्षकों और छात्रों ने आनन-फानन में घायल छात्रा को नजदीकी अस्पताल पहुंचाया, जहां उसकी हालत गंभीर बनी हुई है। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए घेराबंदी कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। शुरुआती जांच के अनुसार, आरोपी छात्रा का दूर का रिश्तेदार है और काफी समय से उसे परेशान कर रहा था। छात्रा ने जब उसे फटकार लगाते हुए माता-पिता से शिकायत करने की चेतावनी दी, तो आरोपी ने रंजिश पाल ली और स्कूल परिसर में घुसकर जानलेवा हमला कर दिया। मुख्यमंत्री एन. चंद्रबाबू नायडू ने घटना पर गहरा दुख व्यक्त करते हुए कड़े शब्दों में निंदा की। उन्होंने कहा, "कक्षा के भीतर एक बच्ची पर हुए इस बर्बर हमले से मैं स्तब्ध और आक्रोशित हूं। जो लोग स्कूल जैसे पवित्र स्थानों में बेटियों को निशाना बनाते हैं, उनके लिए समाज में कोई जगह नहीं है। आरोपी के खिलाफ कठोरतम कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।"
नोएडा: इंटरनेशनल स्कूल में दूसरी के छात्र को पीटा, 9 घंटे छुपाई फुटेज
दूसरी घटना दिल्ली-एनसीआर के हाई-प्रोफाइल शिक्षा तंत्र की लापरवाही को उजागर करती है। नोएडा के सेक्टर-71 स्थित 'ग्लोबल इंडियन इंटरनेशनल स्कूल' में कक्षा 2 के सात वर्षीय छात्र के साथ सामूहिक मारपीट का मामला सामने आया है। पीड़ित छात्र के पिता चिराग ढिंगरा के अनुसार, 27 अक्तूबर की सुबह जब उन्होंने बेटे को स्कूल छोड़ा, तो कुछ ही देर बाद क्लास और अन्य सेक्शनों के करीब 15 बच्चों ने मिलकर उसे जमीन पर पटक दिया और लात-घूंसों से पीटा। घर पहुंचने पर जब सहमे हुए बच्चे ने शरीर में तेज दर्द और आपबीती बताई, तो पिता तुरंत स्कूल पहुंचे। आरोप है कि सुबह से लेकर शाम 5 बजे तक क्लास टीचर, कोऑर्डिनेटर, उप-प्रधानाचार्य और प्रधानाचार्य ने सीसीटीवी फुटेज दिखाने में लगातार टालमटोल की। लगभग 9 घंटे के दबाव के बाद प्रबंधन ने एक मोबाइल फोन पर रिकॉर्डिंग की क्लिप दिखाई, जिसमें 20 से 30 मिनट तक बच्चे के साथ मारपीट होते दिखने का दावा किया गया है। एसीपी दीक्षा सिंह ने बताया कि पिता की शिकायत के आधार पर कोतवाली फेज-3 पुलिस ने संबंधित बच्चों और स्कूल प्रबंधन के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस मामले की विधिक जांच कर रही है। वहीं, स्कूल प्रशासन ने अपने बयान में कहा है कि उनके लिए बच्चों की सुरक्षा सर्वोपरि है और इस संबंध में आंतरिक जांच कमेटी बैठा दी गई है।

