चारधाम यात्रा 2026 के लिए ऑनलाइन पंजीकरण 6 मार्च से शुरू, श्रद्धालु मोबाइल ऐप और वेबसाइट से करा सकेंगे रजिस्ट्रेशन

Blog
 Image


चारधाम यात्रा 2026 के लिए ऑनलाइन पंजीकरण 6 मार्च से शुरू, श्रद्धालु मोबाइल ऐप और वेबसाइट से करा सकेंगे रजिस्ट्रेशन


देहरादून, 06 मार्च 2026।
उत्तराखंड की विश्व प्रसिद्ध चारधाम यात्रा 2026 के लिए श्रद्धालुओं का ऑनलाइन पंजीकरण 6 मार्च से प्रारंभ किया जा रहा है। यात्रा को सुव्यवस्थित और सुरक्षित बनाने के उद्देश्य से इस वर्ष भी श्रद्धालुओं के लिए ऑनलाइन पंजीकरण अनिवार्य किया गया है। श्रद्धालु 6 मार्च को प्रातः 7 बजे से अपना पंजीकरण करा सकेंगे।
चारधाम यात्रा के अंतर्गत इस वर्ष यमुनोत्री धाम और गंगोत्री धाम के कपाट 19 अप्रैल 2026 को, केदारनाथ धाम के कपाट 22 अप्रैल 2026 को तथा बद्रीनाथ धाम के कपाट 23 अप्रैल 2026 को श्रद्धालुओं के दर्शनार्थ खोले जाएंगे। वहीं हेमकुंड साहिब के कपाट खुलने की तिथि की घोषणा बाद में की जाएगी।
श्रद्धालु यात्रा के लिए अपना पंजीकरण वेब लिंक registrationandtouristcare.uk.gov.in के माध्यम से या फिर Tourist Care Uttarakhand मोबाइल ऐप का उपयोग करके कर सकते हैं। भारतीय श्रद्धालु अपना पंजीकरण आधार कार्ड के माध्यम से कर सकेंगे, जबकि विदेशी श्रद्धालुओं के लिए आईडी कार्ड के माध्यम से पंजीकरण की सुविधा उपलब्ध कराई गई है।
इसके अतिरिक्त जिन श्रद्धालुओं के पास आधार कार्ड उपलब्ध नहीं है, उनके लिए राज्य सरकार द्वारा पिछले वर्षों की तरह इस वर्ष भी ऑफलाइन पंजीकरण की व्यवस्था की गई है। इसके लिए विभिन्न स्थानों पर भौतिक पंजीकरण केंद्र स्थापित किए जाएंगे, जहां श्रद्धालु यात्रा के लिए अपना पंजीकरण करा सकेंगे। इन केंद्रों पर पंजीकरण प्रक्रिया चारधाम के कपाट खुलने से दो दिन पूर्व, यानी 17 अप्रैल 2026 से प्रारंभ कर दी जाएगी।
देहरादून और आसपास के क्षेत्रों में श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए निम्न स्थानों पर ऑफलाइन पंजीकरण केंद्र स्थापित किए जाएंगे—
यात्रा पंजीकरण केंद्र एवं ट्रांजिट कैंप, ऋषिकेश
पंजीकरण केंद्र, ऋषिपर्णा ग्राउंड, हरिद्वार
पंजीकरण केंद्र, विकास नगर, देहरादून
श्रद्धालुओं को किसी भी प्रकार की जानकारी या सहायता प्रदान करने के लिए टोल फ्री नंबर 0135-1364 भी जारी किया गया है, जिस पर 24 घंटे संपर्क कर आवश्यक जानकारी प्राप्त की जा सकती है।
प्रशासन की ओर से चारधाम यात्रा में आने वाले सभी श्रद्धालुओं से अपील की गई है कि यात्रा को सुरक्षित, सुगम और व्यवस्थित बनाने के लिए यात्रा से पहले अनिवार्य रूप से अपना पंजीकरण कराएं, ताकि उन्हें यात्रा के दौरान किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े।