देहरादून में पीएम मोदी का रोड शो, कांग्रेस का विरोध प्रदर्शन
कड़ी सुरक्षा के बीच एक्सप्रेसवे उद्घाटन
देहरादून।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी मंगलवार को उत्तराखंड दौरे पर देहरादून पहुंचे, जहां उनके कार्यक्रम को लेकर एक ओर उत्साह का माहौल देखने को मिला, वहीं दूसरी ओर कांग्रेस ने विरोध प्रदर्शन किया। देहरादून जिले के डोईवाला क्षेत्र में कांग्रेस कार्यकर्ताओं और नेताओं ने ‘गो बैक’ के नारे लगाते हुए प्रदर्शन किया, जिसे पुलिस-प्रशासन ने सख्ती से नियंत्रित किया।
जानकारी के अनुसार, कांग्रेस नेता जौलीग्रांट एयरपोर्ट की ओर बढ़ रहे थे, जहां वे प्रधानमंत्री से मुलाकात कर क्षेत्रीय समस्याओं से संबंधित ज्ञापन सौंपना चाहते थे। इस दौरान जिलाध्यक्ष मोहित उनियाल समेत कई नेता मौजूद रहे, लेकिन पुलिस ने कोतवाली के बाहर ही उनके काफिले को रोक दिया। एयरपोर्ट की ओर जाने वाले मार्ग को पहले ही बंद कर दिया गया था, जिससे प्रदर्शनकारियों में नाराजगी देखी गई।
प्रधानमंत्री मोदी देहरादून-दिल्ली एक्सप्रेसवे के उद्घाटन के लिए पहुंचे हैं, जिसे क्षेत्र के विकास की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है। इस परियोजना से यातायात व्यवस्था में सुधार और आर्थिक गतिविधियों को गति मिलने की उम्मीद है।
प्रधानमंत्री के स्वागत के लिए शहर में विशेष तैयारियां की गई हैं। हजारों की संख्या में लोग सुबह से ही सड़कों के किनारे खड़े होकर उनके दर्शन का इंतजार करते नजर आए। युवाओं, महिलाओं और बुजुर्गों में खासा उत्साह देखने को मिला।
प्रधानमंत्री करीब 12 किलोमीटर लंबे रोड शो के जरिए कार्यक्रम स्थल तक पहुंचे। पूरे मार्ग को आकर्षक ढंग से सजाया गया था और सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए थे। विभिन्न स्थानों पर मंच बनाकर स्थानीय लोगों और संगठनों ने पुष्प वर्षा और नारों के साथ उनका स्वागत किया।
इस दौरान प्रधानमंत्री ने डाट काली मंदिर में पूजा-अर्चना भी की और रोड शो के जरिए जनता का अभिवादन स्वीकार किया। प्रशासन ने पूरे कार्यक्रम को शांतिपूर्ण और सुव्यवस्थित तरीके से संपन्न कराने के लिए व्यापक सुरक्षा व्यवस्था की थी।

