मौसम सुधरते ही फिर शुरू हुई केदारनाथ यात्रा, प्रशासन ने हटाई अस्थायी रोक
ऑरेंज अलर्ट के बीच सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए रोकी गई थी यात्रा,
निरीक्षण के बाद श्रद्धालुओं को मिली आगे बढ़ने की अनुमति
रुद्रप्रयाग।
जनपद रुद्रप्रयाग में भारी वर्षा, आंधी-तूफान और प्रतिकूल मौसम की आशंका को देखते हुए प्रशासन द्वारा एहतियातन रोकी गई केदारनाथ धाम यात्रा को मौसम में सुधार होने के बाद पुनः शुरू कर दिया गया है। मौसम विभाग के ऑरेंज अलर्ट के मद्देनजर जिला प्रशासन पूरी तरह सतर्क रहा और यात्रियों की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए यात्रा पर अस्थायी रोक लगाई गई थी।
रविवार प्रातः लगातार बारिश और खराब मौसम के चलते गौरीकुंड, सोनप्रयाग समेत विभिन्न पड़ावों पर श्रद्धालुओं को सुरक्षित स्थानों पर रोका गया। बारिश थमने और मौसम साफ होने के बाद अधिकारियों ने पैदल मार्ग तथा संवेदनशील स्थलों का निरीक्षण किया। सभी स्थान सुरक्षित पाए जाने पर यात्रा संचालन को फिर से अनुमति दे दी गई।
विशाल मिश्रा ने बताया कि केदारनाथ धाम यात्रा अब सामान्य रूप से संचालित की जा रही है। विभिन्न पड़ावों पर रोके गए श्रद्धालुओं को चरणबद्ध तरीके से आगे भेजा जा रहा है। यात्रा मार्ग पर प्रशासन, पुलिस, एसडीआरएफ, डीडीआरएफ और अन्य संबंधित विभाग लगातार निगरानी बनाए हुए हैं, ताकि यात्रियों की सुरक्षा और यात्रा व्यवस्था सुचारु बनी रहे।
प्रशासन ने श्रद्धालुओं से यात्रा पर निकलने से पहले मौसम की ताजा जानकारी लेने और जारी दिशा-निर्देशों का पालन करने की अपील की है। अधिकारियों का कहना है कि मौसम की स्थिति के अनुसार यात्रियों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए आवश्यक निर्णय लिए जाते रहेंगे।
केदारनाथ धाम यात्रा पुनः शुरू होने से हजारों श्रद्धालुओं ने राहत की सांस ली है। बाबा केदार के जयघोष के साथ आस्था की यह यात्रा एक बार फिर रफ्तार पकड़ चुकी है।

