राहुल गांधी से मिले कोटद्वार निवासी मौहम्मद दीपक उर्फ दीपक कुमार
कोटद्वार ।
कोटद्वार में बाबा ड्रेस विवाद से सुर्ख़ियों में आये जिम संचालक दीपक कुमार उर्फ मोहम्मद दीपक से कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने मुलाकात की है। हाल में वायरल हुए एक वीडियो के बाद सोशल मीडिया पर राहुल गांधी ने मोहम्मद दीपक को भारत का हीरो बताया था। उन्होंने एक्स पर ट्वीट कर लिखा कि उत्तराखण्ड के दीपक भारत के हीरो हैं। दीपक संविधान और इंसानियत के लिए लड़ रहे हैं।
अब राहुल गांधी ने दीपक से मुलाकात की फोटो शेयर करते हुए लिखा है कि उत्तराखण्ड के भाई ‘मोहम्मद दीपक’ से मुलाकात एकता और साहस की ऐसी ही लौ हर भारतीय युवा में जलनी चाहिए। हर इंसान, एक समान। यही है भारतीयता, यही है मोहब्बत की दुकान।
बता दें, 26 जनवरी को कोटद्वार के एक बाजार क्षेत्र में हुई बहस का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ। एक बुजुर्ग मुस्लिम दुकानदार पर दुकान के नाम से ‘बाबा’ शब्द हटाने का दबाव बनाया जा रहा था। इसी दौरान दीपक ने कथित तौर पर विरोध दर्ज कराया। बहस के बीच जब उनसे नाम पूछा गया तो उन्होंने कहा कि मेरा नाम मोहम्मद दीपक है। वीडियो सामने आने के बाद यह बयान तेजी से फैल गया। कुछ लोगों ने इसे सामाजिक सौहार्द का संदेश बताया, जबकि कुछ संगठनों ने आपत्ति जताई। देखते ही देखते दीपक स्थानीय स्तर से राष्ट्रीय चर्चा का हिस्सा बन गए।

