काली नदी पर 'मैत्री सेतु': पीएम मोदी और नेपाल के प्रधानमंत्री बालेंद्र शाह ने किया छारछुम पुल का लोकार्पण

Blog
 Image

नई दिल्ली। भारत और नेपाल के बीच सदियों पुराने 'रोटी-बेटी' और सांस्कृतिक रिश्तों को अब आधुनिक बुनियादी ढांचे की नई मजबूती मिल गई है। उत्तराखंड के सीमांत जनपद पिथौरागढ़ की धारचूला तहसील में काली नदी पर निर्मित बहुप्रतीक्षित 'छारछुम अंतरराष्ट्रीय मोटर पुल' का प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और भारत दौरे पर आए नेपाल के प्रधानमंत्री बालेंद्र शाह (बालेन शाह) ने नई दिल्ली से संयुक्त रूप से वर्चुअल लोकार्पण किया। इस ऐतिहासिक अवसर पर दोनों नेताओं ने चंपावत के बनबसा क्षेत्र में बनने वाले अत्याधुनिक ड्राई पोर्ट (सूखा बंदरगाह) का भी शिलान्यास किया, जिसे सीमावर्ती व्यापार में मील का पत्थर माना जा रहा है।

भारत और नेपाल के दशकों पुराने सामाजिक, सांस्कृतिक और व्यापारिक रिश्तों को अब सड़क संपर्क की नई मजबूती मिलने जा रही है। उत्तराखंड के सीमांत जनपद पिथौरागढ़ में काली नदी पर निर्मित छारछुम अंतरराष्ट्रीय मोटर पुल का प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और नेपाल के प्रधानमंत्री बालेंद्र शाह ने संयुक्त रूप से वर्चुअल लोकार्पण किया। करीब 33 करोड़ रुपये की लागत से तैयार यह पुल सीमावर्ती क्षेत्रों के लिए विकास, व्यापार और आवागमन के नए अवसर लेकर आया है। लंबे समय से इस संपर्क मार्ग की प्रतीक्षा कर रहे सीमांत क्षेत्र के लोगों को अब आवाजाही के लिए एक महत्वपूर्ण सुविधा मिलेगी। धारचूला तहसील में काली नदी पर निर्मित यह पुल भारत के पिथौरागढ़ जिले को नेपाल के दार्चुला क्षेत्र के असिगाड़ा से जोड़ेगा। पुल के शुरू होने से दोनों देशों के सीमावर्ती गांवों के लोगों को आवागमन के लिए नया मोटर मार्ग उपलब्ध होगा। अभी तक नदी पार करने और एक-दूसरे के क्षेत्रों तक पहुंचने में स्थानीय लोगों को कई तरह की कठिनाइयों का सामना करना पड़ता था। अब इस पुल के माध्यम से परिवहन व्यवस्था सुगम होने के साथ सीमावर्ती क्षेत्रों में आर्थिक गतिविधियों को भी बढ़ावा मिलने की उम्मीद है। छारछुम मोटर पुल का शिलान्यास सितंबर 2022 में उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी और नेपाल की ओर से तत्कालीन प्रतिनिधियों की मौजूदगी में किया गया था। भारत सरकार की सहायता से निर्मित इस पुल का निर्माण लोक निर्माण विभाग की ओर से कराया गया है। बनबसा के बाद उत्तराखंड क्षेत्र में भारत और नेपाल के बीच यह एक और महत्वपूर्ण मोटर संपर्क स्थापित करेगा। सामरिक और आर्थिक दृष्टि से भी इस परियोजना को महत्वपूर्ण माना जा रहा है। पुल के लोकार्पण से भारत और नेपाल के बीच सीमावर्ती व्यापार को नई दिशा मिलने की संभावना है। नेपाल के सुदूरपश्चिम क्षेत्र के लोगों को भारतीय बाजारों तक पहुंचने में आसानी होगी, वहीं धारचूला और आसपास के व्यापारियों को भी नए बाजारों से जुड़ने का अवसर मिलेगा। परिवहन सुविधाएं बेहतर होने से स्थानीय व्यापार, पर्यटन और रोजगार की संभावनाएं बढ़ेंगी। इसका लाभ केवल व्यापारियों तक सीमित नहीं रहेगा, बल्कि सीमा के दोनों ओर रहने वाले परिवारों के सामाजिक और पारिवारिक संबंधों को भी मजबूती मिलेगी। बेहतर संपर्क व्यवस्था से स्थानीय लोगों को शिक्षा, स्वास्थ्य और अन्य आवश्यक सुविधाओं तक पहुंचने में भी सहूलियत मिलने की उम्मीद है। दोनों देशों के प्रधानमंत्रियों के बीच हुई उच्चस्तरीय वार्ता के दौरान चंपावत जिले के बनबसा क्षेत्र में प्रस्तावित ड्राई पोर्ट का शिलान्यास भी किया गया। इस परियोजना को भारत-नेपाल व्यापार और परिवहन व्यवस्था को आधुनिक बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है। छारछुम पुल और बनबसा ड्राई पोर्ट जैसी परियोजनाएं सीमावर्ती क्षेत्रों में आधारभूत ढांचे को मजबूत करने के साथ दोनों देशों के आर्थिक सहयोग को नई गति दे सकती हैं। नेपाल के प्रधानमंत्री बालेंद्र शाह की दो दिवसीय भारत यात्रा के दौरान ऊर्जा, जलविद्युत, व्यापार, आधारभूत ढांचे और सीमा पार संपर्क जैसे विषयों पर सहयोग को लेकर चर्चा हुई। ऐसे में छारछुम पुल का लोकार्पण दोनों देशों के आपसी सहयोग की महत्वपूर्ण कड़ी बनकर सामने आया है। छारछुम पुल सीमांत पिथौरागढ़ के लिए केवल आवागमन का साधन नहीं, बल्कि आर्थिक प्रगति, व्यापारिक विस्तार और सामाजिक रिश्तों को मजबूत करने का नया माध्यम बन सकता है। अब सबसे बड़ी उम्मीद यह है कि इस संपर्क सुविधा का लाभ सीमांत गांवों के लोगों, स्थानीय व्यापारियों और युवाओं तक पहुंचे तथा उत्तराखंड के सीमावर्ती क्षेत्रों को विकास की मुख्यधारा से जोड़ने का रास्ता और मजबूत हो।