गौचर / चमोली
ललिता प्रसाद लखेड़ा
कर्णप्रयाग में बहु-विशेषज्ञ निःशुल्क स्वास्थ्य शिविर, पहले दिन 145 मरीजों ने उठाया लाभ
सेवा, सुशासन एवं समर्पण के संकल्प के तहत स्वास्थ्य विभाग द्वारा उप जिला चिकित्सालय कर्णप्रयाग में आयोजित बहु-विशेषज्ञ निःशुल्क स्वास्थ्य शिविर के पहले दिन बड़ी संख्या में लोगों ने विशेषज्ञ चिकित्सकों से स्वास्थ्य परामर्श, जांच एवं निःशुल्क उपचार का लाभ उठाया।

शिविर के दौरान कुल 145 मरीजों की जांच कर उन्हें निःशुल्क दवाएं वितरित की गईं। इस दौरान 72 लोगों की हाईपरटेंशन तथा 41 लोगों की मधुमेह की स्क्रीनिंग की गई। 5 गर्भवती महिलाओं की प्रसव पूर्व जांच, 34 एक्स-रे, 36 निःशुल्क अल्ट्रासाउंड तथा 86 लाभार्थियों की विभिन्न लैब जांच की गई।
शिविर में इसके अलावा 7 किशोरियों को मासिक धर्म स्वास्थ्य संबंधी परामर्श दिया गया। 10 लोगों की सर्वाइकल कैंसर, 14 की स्तन कैंसर तथा 12 लोगों की मुख कैंसर की स्क्रीनिंग की गई। 3 किशोरियों का एचपीवी टीकाकरण और 12 लोगों की टीबी स्क्रीनिंग भी की गई। शिविर में 3 लोगों ने निक्षय मित्र बनने के लिए पंजीकरण कराया। वहीं 9 लोगों की आयुष्मान भारत हेल्थ अकाउंट (आभा) आईडी तथा 10 लोगों के आयुष्मान कार्ड भी बनाए गए। साथ ही राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन की विभिन्न जनकल्याणकारी स्वास्थ्य योजनाओं की जानकारी देकर लोगों को स्वास्थ्य के प्रति जागरूक किया गया।
मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. अभिषेक गुप्ता ने बताया कि 20 जुलाई को भी उप जिला चिकित्सालय कर्णप्रयाग में विशेषज्ञ चिकित्सकों द्वारा निःशुल्क स्वास्थ्य सेवाएं प्रदान की जाएंगी। उन्होंने क्षेत्रवासियों से अधिक से अधिक संख्या में शिविर में पहुंचकर लाभ उठाने की अपील की।

शिविर में वरिष्ठ परामर्शदाता राजीव शर्मा, अस्थि रोग विशेषज्ञ डॉ. अंकित भट्ट, डेंटल सर्जन डॉ. हरीश थपलियाल, फिजीशियन डॉ. सत्येंद्र कंडारी, स्त्री रोग विशेषज्ञ डॉ. ऊमारानी शर्मा, बाल रोग विशेषज्ञ डॉ. सीमा सिंह तथा ईएनटी सर्जन डॉ. अल्का सहित स्वास्थ्य विभाग की टीम ने सेवाएं प्रदान कीं।

