चमोली
जिलाधिकारी ने विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) की तैयारियों की समीक्षा कर दिए आवश्यक दिशा-निर्देश
प्रशिक्षण से अंतिम मतदाता सूची प्रकाशन तक कार्ययोजना तय, नोडल अधिकारियों को समयबद्ध कार्य पूर्ण करने के निर्देश
जिला निर्वाचन अधिकारी/जिलाधिकारी गौरव कुमार की अध्यक्षता में शनिवार को विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) कार्यक्रम के सफल संचालन को लेकर बैठक आयोजित की गई। बैठक में मतदाता सूची पुनरीक्षण से संबंधित तैयारियों एवं व्यवस्थाओं की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
जिलाधिकारी ने बताया कि निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार 29 मई से 7 जून 2026 तक गणना प्रपत्रों की प्रिंटिंग, कर्मचारियों के प्रशिक्षण एवं अन्य आवश्यक कार्य संपादित किए जाएंगे। इसके उपरांत 8 जून से 7 जुलाई 2026 तक बीएलओ घर-घर जाकर गणना प्रपत्रों का वितरण एवं संकलन करेंगे। उन्होंने बताया कि 14 जुलाई 2026 को ड्राफ्ट मतदाता सूची का प्रकाशन किया जाएगा।
14 जुलाई से 13 अगस्त 2026 तक दावे एवं आपत्तियां प्राप्त की जाएंगी। साथ ही 10 जुलाई से 11 सितंबर 2026 तक नोटिस जारी करने एवं दावे-आपत्तियों के निस्तारण की कार्रवाई संपादित की जाएगी। आयोग के निर्देशानुसार 15 सितंबर 2026 को अंतिम मतदाता सूची प्रकाशित की जाएगी।
जिलाधिकारी ने विशेष गहन पुनरीक्षण कार्यक्रम हेतु नियुक्त नोडल अधिकारियों को जिला निर्वाचन कार्यालय से समन्वय बनाकर सभी कार्य निर्धारित समयावधि में पूर्ण करने के निर्देश दिए। उन्होंने उप जिला निर्वाचन अधिकारी को प्रशिक्षण संबंधी व्यवस्थाएं समय से सुनिश्चित कराने के निर्देश दिए ।
अपर जिलाधिकारी/उपजिला निर्वाचन अधिकारी विवेक प्रकाश ने जानकारी देते हुए बताया कि विभिन्न व्यवस्थाओं के लिए नोडल अधिकारियों की जिम्मेदारियां निर्धारित कर दी गई हैं। बीएलओ ऐप एवं ईसीआई नेट से संबंधित समस्याओं के समाधान, गणना प्रपत्रों की प्रिंटिंग, बीएलए-2 की नियुक्ति, फेक न्यूज के खंडन तथा बीएलओ को सहायता उपलब्ध कराने के लिए नोडल अधिकारी नियुक्त किए जा चुके हैं।
पीडी आनंद सिंह, एसडीएम आरके पाण्डेय, सहायक जिला निर्वाचन अधिकारी डीसी सती, डीओपीआरडी डीएन द्विवेदी सहित संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।

