गैरसैंण ब्लाक के थाला( मैहलचोरी) गांव में भालू ने हमला कर एक महिला को बुरी तरह घायल कर दिया।

Spread the love

गैरसैंण/ चमोली/ मैहलचोरी

गैरसैंण ब्लाक के थाला( मैहलचोरी) गांव में भालू ने हमला कर एक महिला को बुरी तरह घायल कर दिया। ग्रामीणो ने किसी प्रकार हो-हल्ला कर महिला की जान बचाई, जिसे सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र गैरसैंण पहुचाया गया। चिकित्सकों के अनुसार घायल को महिला 21 टांके लगाए गए हैं। फिलहाल खतरे से बाहर बताया जा रहा है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार मेहलचौरी न्याय पंचायत स्थित थाला गांव में रविवार प्रातः 60 वर्षीय देवकी देवी पत्नी स्वर्गीय बलवंत सिंह समीप के जंगल मे कास्तकारी के लिए जा रही थी कि गांव से 600 मीटर दूरी पर घात लगाए भालू ने एकाएक महिला पर हमला कर दिया।

इस दौरान महिला के हाथ से उसकी दरांती छिटक कर दूर जा गिरी, जिस कारण महिला भालू का सख्ती से मुकाबला नही कर सकी। गांव समीप होने के कारण महिला की चीख पुकार सुन कर ग्रामीण जंगल की ओर भागे, ग्रामीणो के शोर शराबे से घबरा कर भालू महिला को छोड़ जंगल में गुम हो गया। खून से लथपथ घायल महिला को ग्राम प्रधान बलबीर सिंह मेहरा सहित ग्रामीणो ने 108 की मदद से सीएचसी गैरसैंण पहुचाया, जहां डॉ विकास की टीम द्वारा महिला का उपचार किया गया। अस्पताल के चिकित्सा अधीक्षक डॉ अर्जुन रावत ने बताया कि महिला के गले, कंधे व माथे पर कुल 21 टांके लगाए गए हैं। उन्होंने कहा कि घायल की हालत खतरे से बाहर है।


Spread the love
error: Content is protected !!