उत्तराखंड में बम धमकी से हड़कंप: हरिद्वार नगर निगम,  केदारनाथ-बदरीनाथ समेत पुलिस थाने निशाने पर

Blog
 Image

उत्तराखंड में बम धमकी से हड़कंप: हरिद्वार नगर निगम,

 केदारनाथ-बदरीनाथ समेत पुलिस थाने निशाने पर

हरिद्वार/देहरादून। 

उत्तराखंड के कई सरकारी संस्थानों, नगर निकायों, धार्मिक और पर्यटन स्थलों तथा पुलिस थानों को बम से उड़ाने की धमकी मिलने से प्रशासन और सुरक्षा एजेंसियों में हड़कंप मच गया है। धमकी भरे ईमेल हरिद्वार नगर निगम और मसूरी नगर पालिका को भेजे गए हैं, जबकि पुलिस थानों को सोशल मीडिया पोस्ट के माध्यम से धमकी दी गई है। पुलिस ने मामले में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है और खुफिया एजेंसियों को भी अलर्ट कर दिया गया है।


प्राप्त जानकारी के अनुसार हरिद्वार नगर निगम की आधिकारिक वेबसाइट पर भेजे गए ईमेल में हरिद्वार नगर निगम के अलावा ऋषिकेश, केदारनाथ धाम और बदरीनाथ धाम को भी बम से उड़ाने की धमकी दी गई है। ईमेल भेजने वाले ने खुद को कथित तौर पर खालिस्तान समर्थक बताते हुए बदले की बात लिखी है।
हरिद्वार नगर आयुक्त नंदन कुमार ने बताया कि धमकी भरा मेल मिलने के बाद तत्काल पुलिस को सूचना दे दी गई है। पुलिस और खुफिया विभाग पूरे मामले की गंभीरता से जांच कर रहे हैं।
वहीं दूसरी ओर उत्तराखंड के सभी पुलिस थानों को सोशल मीडिया के माध्यम से बम धमाकों की धमकी दी गई है। इस संबंध में नगर कोतवाली में गंभीर धाराओं के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है। शिकायत के अनुसार 22 जून को सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स पर एक पोस्ट वायरल हुई, जिसमें 25 जून को उत्तराखंड के सभी पुलिस थानों में धमाके होने की धमकी दी गई थी।
प्रारंभिक जांच में इस पोस्ट से जुड़े व्यक्ति की पहचान जसप्रीत सिंह के रूप में हुई है, जो हरियाणा के अंबाला शहर का निवासी बताया जा रहा है। पुलिस को आशंका है कि इस मामले में अन्य लोगों की भी संलिप्तता हो सकती है।
पुलिस जांच में सामने आया कि धमकी भरी पोस्ट पहले इंस्टाग्राम पर साझा की गई, जिसके बाद उसे फेसबुक और एक्स (पूर्व ट्विटर) पर भी प्रसारित किया गया। पोस्ट में लिखा गया था कि “मैं उत्तराखंड पुलिस को चैलेंज करता हूं, जितने उत्तराखंड में थाने हैं, उनमें 25 जून 2026 को धमाका होगा।”
शिकायत के आधार पर पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 351(3), 353, 61(2) तथा आईटी एक्ट की धारा 66एफ के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया है। पुलिस संबंधित सोशल मीडिया अकाउंट की सत्यता और संचालन करने वाले व्यक्तियों की पहचान में जुटी हुई है।
देहरादून के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक प्रमेंद्र डोबाल ने बताया कि धमकी संबंधी पोस्ट सामने आते ही मसूरी और नगर कोतवाली में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है। उन्होंने कहा कि जिस अकाउंट से पोस्ट की गई है, उसका सत्यापन किया जा रहा है और जल्द ही दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। साथ ही उन्होंने लोगों से अफवाहों और भ्रामक सूचनाओं पर ध्यान न देने की अपील की है।
प्रशासन ने संवेदनशील धार्मिक स्थलों, सरकारी कार्यालयों और पुलिस प्रतिष्ठानों की सुरक्षा बढ़ा दी है। मामले की जांच साइबर और खुफिया एजेंसियों की मदद से की जा रही है।