गौचर / चमोली।
ललिता प्रसाद लखेड़ा
राजेंद्र कंडारी हत्याकांड का खुलासा नहीं, कांग्रेस नेता मुकेश नेगी ने दी आंदोलन की चेतावनी
गैरसैंण विकासखंड के माईथान (खंसर) क्षेत्र स्थित देवपुरी ग्रामसभा निवासी राजेंद्र सिंह कंडारी हत्याकांड का अब तक खुलासा नहीं होने से क्षेत्र में रोष बढ़ता जा रहा है। घटना को 20 दिन से अधिक समय बीत जाने के बावजूद पुलिस आरोपितों तक नहीं पहुंच सकी है।

बताया गया कि राजेंद्र सिंह कंडारी 18 मई से लापता थे। परिजनों और ग्रामीणों की तलाश के बाद 23 मई को उनका शव गांव के नीचे एक गधेरे में बरामद हुआ था। पुलिस इस मामले की जांच हत्या के एंगल से कर रही है, लेकिन अब तक किसी की गिरफ्तारी नहीं हो पाई है। मामले को लेकर ग्रामीणों में नाराजगी है। लोगों का कहना है कि क्षेत्र में पहले भी इस प्रकार की घटनाएं हो चुकी हैं। यदि समय रहते दोषियों पर कार्रवाई नहीं हुई तो अपराधियों के हौसले और बढ़ सकते हैं।
पूर्व नगरपालिका अध्यक्ष गौचर एवं कर्णप्रयाग विधानसभा से कांग्रेस प्रत्याशी रहे मुकेश नेगी ने पीड़ित परिवार से मुलाकात कर शोक संवेदना व्यक्त की। उन्होंने पुलिस विभाग के वरिष्ठ अधिकारियों से फोन पर वार्ता कर मामले के शीघ्र खुलासे और दोषियों की गिरफ्तारी की मांग की। मुकेश नेगी ने कहा कि यदि जल्द कार्रवाई नहीं हुई तो जनता को साथ लेकर बड़ा जनांदोलन शुरू किया जाएगा। उन्होंने कहा कि पीड़ित परिवार को न्याय दिलाना प्रशासन की जिम्मेदारी है और दोषियों को जल्द कानून के दायरे में लाया जाना चाहिए।
इधर, मामले के खुलासे को लेकर क्षेत्रवासियों की निगाहें पुलिस जांच पर टिकी हैं। लोगों को उम्मीद है कि जल्द ही पुलिस हत्याकांड का पर्दाफाश कर दोषियों को सलाखों के पीछे पहुंचाएगी।

