देहरादून में सनसनीखेज मुठभेड़: पुलिस पर फायरिंग करने वाले दो शातिर बदमाश पैर में गोली लगने से घायल

Blog
 Image

राजधानी देहरादून में कानून-व्यवस्था को चुनौती देने वाले अपराधियों के खिलाफ पुलिस ने एक बार फिर बड़ी कार्रवाई की है। कोतवाली पटेलनगर क्षेत्र के अंतर्गत नयागांव के पास देर रात पुलिस और शातिर बदमाशों के बीच जबरदस्त मुठभेड़ हो गई। पुलिस की जवाबी कार्रवाई में दो कुख्यात बदमाशों के पैरों में गोली लगी, जिसके बाद उन्हें गिरफ्तार कर लिया गया। इस दुस्साहसिक घटना से इलाके में हड़कंप मच गया है, वहीं पुलिस की मुस्तैदी की चहुंओर सराहना हो रही है।

देहरादून में देर रात पुलिस और बदमाशों के बीच हुई मुठभेड़ से इलाके में हड़कंप मच गया। कोतवाली पटेलनगर क्षेत्र में नयागांव के पास सघन जांच के दौरान पुलिस ने फर्जी नंबर प्लेट लगी मोटरसाइकिल पर सवार दो युवकों को रोकने का प्रयास किया, लेकिन दोनों ने रुकने के बजाय भागने की कोशिश की। पुलिस टीम ने पीछा किया तो आरोपियों ने पुलिस पर फायरिंग शुरू कर दी। बदमाशों की गोली से पुलिस का वाहन भी क्षतिग्रस्त हो गया। इसके बाद पुलिस की जवाबी कार्रवाई में दोनों आरोपियों के पैर में गोली लगी। घायल अवस्था में उन्हें उपचार के लिए प्रेमनगर चिकित्सालय भेजा गया। पुलिस ने मौके से दो पिस्टल, जिंदा कारतूस और खोखा कारतूस बरामद किए हैं। पुलिस के अनुसार, नयागांव के पास देर रात चेकिंग अभियान चलाया जा रहा था। इसी दौरान एक मोटरसाइकिल पर सवार दो संदिग्ध युवक पुलिस को दिखाई दिए। बाइक पर टैक्सी की फर्जी नंबर प्लेट लगी हुई थी। पुलिस ने उन्हें रोकने का इशारा किया, लेकिन वे चेकिंग स्थल पर नहीं रुके और मोटरसाइकिल से बुडपुर की ओर भागने लगे। पुलिस टीम ने उनका पीछा किया तो आरोपियों ने जान से मारने की नीयत से पुलिसकर्मियों पर गोली चला दी। गोली लगने से पुलिस वाहन क्षतिग्रस्त हुआ। जवाबी कार्रवाई में दोनों बदमाश घायल हो गए। मुठभेड़ में घायल आरोपियों की पहचान शमीम पुत्र इलियास और शहजाद पुत्र इखलाक, निवासी रुड़की, जनपद हरिद्वार के रूप में हुई है। घटना की सूचना मिलते ही वरिष्ठ पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंचे। एसपी सिटी शेखर सुयाल ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और अस्पताल पहुंचकर भी मामले की जानकारी ली। फॉरेंसिक टीम ने घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से दो पिस्टल, जिंदा कारतूस और खोखे बरामद किए हैं। प्रारंभिक पूछताछ में आरोपियों ने पटेलनगर, विकासनगर और सहसपुर समेत अन्य थाना क्षेत्रों में चोरी और नकबजनी की कई घटनाओं को अंजाम देना स्वीकार किया है। एसपी सिटी शेखर सुयाल के मुताबिक, आरोपी शाम के समय बंद मकानों की रेकी करते थे और मौका मिलने पर चोरी की वारदात को अंजाम देते थे। चोरी की घटनाओं में मिले सामान को हरिद्वार में एक स्थानीय व्यक्ति को बेचने की बात भी सामने आई है। पुलिस के अनुसार, दोनों आरोपी किसी आपराधिक वारदात को अंजाम देने के इरादे से हरिद्वार से देहरादून आए थे। वे पटेलनगर और आसपास के क्षेत्रों में घूमकर बंद घरों की रेकी कर रहे थे। पुलिस की नजर से बचने के लिए उन्होंने मोटरसाइकिल पर टैक्सी की फर्जी नंबर प्लेट लगा रखी थी। एसएसपी प्रमेंद्र डोबाल ने बताया कि दोनों आरोपियों का लंबा आपराधिक इतिहास है। शमीम के खिलाफ कुल 15 और शहजाद के खिलाफ नौ मुकदमे दर्ज हैं। दोनों के विरुद्ध देहरादून और हरिद्वार में कई आपराधिक मामले दर्ज हैं। वे पूर्व में भी जेल जा चुके हैं और उनके खिलाफ गैंगस्टर अधिनियम के तहत कार्रवाई की जा चुकी है। फिलहाल पुलिस दोनों आरोपियों से पूछताछ कर रही है। साथ ही देहरादून और हरिद्वार में हुई चोरी तथा नकबजनी की अन्य घटनाओं में उनकी संभावित संलिप्तता की भी जांच की जा रही है। पुलिस यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि आरोपियों ने किन-किन क्षेत्रों में वारदातों को अंजाम दिया और चोरी का सामान किसे बेचा।