चिन्यालीसौड़ में केंद्रीय विद्यालय और देहरादून में ओबीसी छात्रावास की दिशा में बढ़े कदम

Blog
 Image

चिन्यालीसौड़ में केंद्रीय विद्यालय और देहरादून में ओबीसी छात्रावास की दिशा में बढ़े कदम

भाजपा प्रदेश मीडिया प्रभारी मनवीर सिंह चौहान ने सीएम धामी से मुलाकात कर सौंपा ज्ञापन

दोनों मांगों पर जल्द कार्रवाई का भरोसा

देहरादून।

उत्तरकाशी के चिन्यालीसौड़ में केंद्रीय विद्यालय की स्थापना तथा देहरादून में ओबीसी समुदाय के विद्यार्थियों के लिए छात्रावास निर्माण की मांग पर मुख्यमंत्री ने सकारात्मक रुख अपनाते हुए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए हैं। यह जानकारी भाजपा के प्रदेश मीडिया प्रभारी मनवीर सिंह चौहान ने दी।
चौहान ने बताया कि मुख्यमंत्री से भेंट कर उन्होंने दोनों विषयों पर ज्ञापन सौंपा। मुख्यमंत्री ने केंद्रीय विद्यालय के प्रस्ताव पर सचिव विद्यालयी शिक्षा तथा ओबीसी छात्रावास के संबंध में प्रमुख सचिव समाज कल्याण को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए हैं।
उन्होंने कहा कि चिन्यालीसौड़ उत्तरकाशी और टिहरी जनपद का महत्वपूर्ण केंद्र है, जहां से दोनों जिलों के लोगों की नियमित आवाजाही रहती है। क्षेत्र में लंबे समय से केंद्रीय विद्यालय की मांग की जा रही है। विद्यालय की स्थापना से सीमांत क्षेत्र के गरीब एवं ग्रामीण विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा उपलब्ध होगी और शिक्षा के स्तर में भी सुधार आएगा।
चौहान ने कहा कि स्थानीय जनप्रतिनिधियों और क्षेत्रवासियों की यह वर्षों पुरानी मांग है। सीमांत एवं पर्वतीय क्षेत्र होने के कारण यहां केंद्रीय विद्यालय की स्थापना जनभावनाओं का सम्मान होगा।
उन्होंने बताया कि देहरादून में प्रतियोगी परीक्षाओं और उच्च शिक्षा के लिए बड़ी संख्या में ओबीसी वर्ग के छात्र-छात्राएं आते हैं। आर्थिक रूप से कमजोर विद्यार्थियों को आवास संबंधी कठिनाइयों का सामना करना पड़ता है। ऐसे में जनजातीय छात्रावास की तर्ज पर ओबीसी छात्रावास का निर्माण होने से गरीब परिवारों के विद्यार्थियों को बड़ी राहत मिलेगी।
चौहान ने विश्वास जताया कि दोनों परियोजनाएं जल्द धरातल पर उतरेंगी और शासन स्तर पर प्रक्रिया शुरू हो चुकी है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री केवल घोषणाएं करने में नहीं, बल्कि योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन में विश्वास रखते हैं। शिक्षा एवं रोजगार से जुड़ी योजनाओं के माध्यम से सरकार पलायन रोकने तथा यमुनोत्री क्षेत्र को पर्यटन के क्षेत्र में और अधिक विकसित करने के लिए प्रतिबद्ध है।