चारधाम यात्रा से पहले उत्तरकाशी में सुरक्षा का कड़ा पहरा, ADG ने व्यवस्थाओं की ली समीक्षा।
उत्तरकाशी ।
चारधाम यात्रा-2026 की तैयारियों को लेकर अपर पुलिस महानिदेशक (अपराध एवं कानून व्यवस्था) डॉ. वी. मुरगेशन ने उत्तरकाशी पहुंचकर सुरक्षा एवं यात्रा व्यवस्थाओं की गहन समीक्षा की। दो दिवसीय जनपद भ्रमण के तहत उन्होंने पुलिस लाइन ज्ञानसू में अधिकारियों के साथ बैठक कर यात्रा ड्यूटी में तैनात पुलिस बल को जरूरी दिशा-निर्देश दिए।
ADG ने बताया कि 19 अप्रैल 2026 से चारधाम यात्रा 2026 का शुभारंभ श्री यमुनोत्री एवं गंगोत्री धाम के कपाट खुलने के साथ होने जा रहा है। यात्रा के शुरुआती दिनों में भारी संख्या में श्रद्धालुओं के आगमन को देखते हुए सभी अधिकारियों और जवानों को अतिरिक्त सतर्कता और कुशलता के साथ अपनी जिम्मेदारी निभाने के निर्देश दिए गए।
उन्होंने कहा कि चारधाम यात्रा में ड्यूटी करना “पुण्य का कार्य” है और देश-विदेश से आने वाले श्रद्धालुओं की सेवा करना पुलिस के लिए सौभाग्य की बात है। उन्होंने जवानों को निर्देशित किया कि वे सभ्य और संयमित व्यवहार रखें तथा श्रद्धालुओं की हर संभव सहायता करें। बैरियर प्वाइंट पर अनावश्यक रोक-टोक से बचने और पंजीकरण व मेडिकल प्रक्रियाओं को शीघ्र पूरा करने पर जोर दिया गया।
ADG ने यातायात प्रबंधन, भीड़ नियंत्रण और पार्किंग व्यवस्था को बेहतर बनाने के निर्देश दिए। साथ ही धामों में श्रद्धालुओं को कतारबद्ध तरीके से सुगम दर्शन कराने पर विशेष ध्यान देने को कहा।
यात्रा अवधि के दौरान सोशल मीडिया पर कड़ी निगरानी रखने और भ्रामक खबर फैलाने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई के निर्देश भी दिए गए।
इस अवसर पर पुलिस अधीक्षक उत्तरकाशी श्रीमती कमलेश उपाध्याय ने बताया कि यात्रा को 2 सुपरजोन, 12 जोन और 30 सेक्टर में विभाजित किया गया है। सुरक्षा व्यवस्था के तहत करीब 600 पुलिस, होमगार्ड और पीआरडी जवानों के साथ SDRF, फायर सर्विस, PAC और ATS की टीमें तैनात की गई हैं।
उन्होंने बताया कि इस बार उत्तरकाशी पुलिस ने यात्रा के लिए थीम “सुरक्षा, सुविधा एवं सम्मान” निर्धारित की है, जिसके तहत श्रद्धालुओं को सुरक्षित, सरल और सुखद यात्रा अनुभव प्रदान करने का लक्ष्य रखा गया है।

