ऋषिकेश में बिहार का 25 हजार का इनामी बदमाश गिरफ्तार
अवैध तमंचा व कारतूस बरामद
ऋषिकेश।
देहरादून पुलिस के "ऑपरेशन प्रहार" के तहत ऋषिकेश पुलिस और एसओजी देहात की संयुक्त टीम ने बड़ी सफलता हासिल करते हुए बिहार में लूट और हत्या के मामले में वांछित 25 हजार के इनामी अपराधी को गिरफ्तार किया है। आरोपी के कब्जे से एक अवैध 12 बोर तमंचा और दो जिंदा कारतूस बरामद किए गए हैं।
पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपी मोहम्मद नसीम अख्तर (25 वर्ष) पुत्र महफूज आलम निवासी वार्ड नंबर-6, ग्राम टोला इस्लामपुर, पोस्ट मोहनी सकरोली, थाना नानपुर, जिला सीतामढ़ी (बिहार) है। बिहार पुलिस ने उस पर 25 हजार का इनाम घोषित कर रखा था।
जानकारी के मुताबिक बिहार पुलिस ने ऋषिकेश पुलिस को सूचना दी थी कि लूट एवं हत्या के मामले में फरार नसीम अख्तर अपने भाई वसीम की पैरवी और सहायता के लिए ऋषिकेश आया हुआ है। वसीम को कुछ दिन पूर्व ऋषिकेश में हुई फायरिंग की घटना में गिरफ्तार किया गया था।
एसएसपी देहरादून के निर्देश पर ऋषिकेश पुलिस और एसओजी देहात की संयुक्त टीम ने क्षेत्र में सघन चेकिंग अभियान चलाया। मुखबिर और सर्विलांस की सूचना पर पुलिस ने नटराज फ्लाईओवर, हरिद्वार रोड के पास घेराबंदी कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।
पूछताछ में आरोपी ने स्वीकार किया कि उसने अपने भाई व अन्य साथियों के साथ बिहार के सीतामढ़ी जिले में लूट की वारदात को अंजाम दिया था, जिसमें पीड़ित की गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। घटना के बाद से वह पुलिस से बचता फिर रहा था। आरोपी ने बताया कि वह अपने भाई से मिलने और बिहार पुलिस से बचने के लिए ऋषिकेश आया था तथा पुलिस की गतिविधियां बढ़ने पर ट्रेन से फरार होने की योजना बना रहा था।
गिरफ्तारी के दौरान पुलिस ने आरोपी के पास से एक अवैध देशी तमंचा, दो जिंदा कारतूस, एक मोबाइल फोन, आधार कार्ड, पैन कार्ड तथा 1,200 रुपये नकद बरामद किए। आरोपी के खिलाफ कोतवाली ऋषिकेश में आर्म्स एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है।

