बद्रीनाथ-जोशीमठ मार्ग पर श्रद्धालुओं से भरी बस के ब्रेक फेल
आईटीबीपी जवानों की तत्परता से टला बड़ा हादसा
बिनाकुली गांव के पास हुई घटना, झारखंड के सभी श्रद्धालु सुरक्षित; आईटीबीपी ने तत्काल पहुंचकर कराया रेस्क्यू
जोशीमठ।
बद्रीनाथ-जोशीमठ राष्ट्रीय राजमार्ग पर गुरुवार सुबह एक बड़ा हादसा उस समय टल गया, जब बद्रीनाथ से हरिद्वार जा रही श्रद्धालुओं से भरी एक बस के अचानक ब्रेक फेल हो गए। घटना सुबह करीब 9 बजे बद्रीनाथ से लगभग 20 किलोमीटर आगे बिनाकुली गांव के पास हुई।
जानकारी के अनुसार, बस संख्या यू के 08पी ए 1635 (कोणार्क टैक्सी सर्विस) में झारखंड निवासी श्रद्धालु सवार थे। श्रद्धालु पिछले एक सप्ताह से बद्रीनाथ धाम में रहकर श्रीमद्भागवत कथा का आयोजन एवं भगवान बद्रीविशाल के दर्शन कर रहे थे। गुरुवार सुबह वे हरिद्वार के लिए रवाना हुए थे, जहां से उन्हें ट्रेन के माध्यम से अपने गृह राज्य लौटना था।
यात्रा के दौरान बिनाकुली गांव के समीप बस के ब्रेक अचानक फेल हो गए, जिससे यात्रियों में अफरा-तफरी मच गई। घटना की सूचना मिलते ही माना चौकी से 23वीं वाहिनी आईटीबीपी की टीम तत्काल मौके पर पहुंची।
डिप्टी कमांडेंट महावीर सिंह नेगी तथा निरीक्षक ज्ञान प्रकाश के नेतृत्व में आईटीबीपी के जवानों ने त्वरित कार्रवाई करते हुए सभी यात्रियों को सुरक्षित बस से बाहर निकाला और सुरक्षित स्थान पर पहुंचाया।
आईटीबीपी की तत्परता और सूझबूझ के चलते एक संभावित बड़ा हादसा टल गया। राहत की बात यह रही कि घटना में किसी भी यात्री को चोट नहीं आई और सभी श्रद्धालु पूरी तरह सुरक्षित हैं।

