CHAMOLI
जिला पंचायत, चमोली में शुक्रवार को अध्यक्ष दौलत सिंह की अध्यक्षता में बैठक आयोजित की गई।
जिला पंचायत अध्यक्ष कक्ष में सम्पन्न हुई, जिसमें जिला पंचायत के सम्मानित सदस्यों ने प्रतिभाग किया। बैठक का संचालन अपर मुख्य अधिकारी जिला पंचायत तेज सिंह द्वारा किया गया। बैठक के प्रारम्भ में अध्यक्ष, उपाध्यक्ष एवं उपस्थित सभी सदस्यों का स्वागत किया गया। इसके उपरांत पूर्व बैठक दिनांक 06 फरवरी 2026 की कार्यवाही की पुष्टि करते हुए विभिन्न विकास एवं जनहित से जुड़े विषयों पर विस्तार से चर्चा की गई।

जिला पंचायत, चमोली एवं ग्राम पंचायत माणा के मध्य पार्किंग व्यवस्था को लेकर समझौता किए जाने के प्रस्ताव पर विचार-विमर्श किया गया। सदन द्वारा इस विषय पर अग्रिम आवश्यक कार्यवाही किए जाने हेतु सर्वसम्मति से प्रस्ताव पारित किया गया।
इसके साथ ही हेमकुण्ड साहिब यात्रा व्यवस्थाओं के अंतर्गत ईडीसी के घोड़े-खच्चरों की दरों में वृद्धि किए जाने के विषय पर भी चर्चा की गई। सदस्यों ने यात्रा सीजन में स्थानीय लोगों की आजीविका एवं व्यवस्थाओं को ध्यान में रखते हुए आवश्यक कार्रवाई किए जाने पर सहमति व्यक्त की।

वित्तीय वर्ष 2026-27 की जिला पंचायत विकास योजना पर भी विस्तृत चर्चा की गई। विभिन्न विकास कार्यों एवं अन्य प्रस्तावों पर विचार करते हुए सदन द्वारा आवश्यक कार्यवाही हेतु प्रस्ताव ध्वनिमत से पारित किए गए।
उपाध्यक्ष लक्ष्मण सिंह, सदस्य सुरेश कुमार विष्ट, साक्षी नेगी, कामेश्वरी देवी, कला देवी, विपिन फरस्वाण, प्रदीप बुटोला, विकम सिंह, जय प्रकाश, सुरेन्द्र सिंह नेगी, रमा देवी, सरोजनी देवी सहित अन्य सदस्य उपस्थित रहे।
इसके अलावा वित्तीय परामर्शदाता सुधांशु श्रीवास्तव, प्रशासनिक अधिकारी केसी जोशी, प्रधान सहायक यशवंत सिंह विष्ट एवं जिला पंचायत के अन्य कार्मिक भी बैठक में मौजूद रहे।

