चमोली
ललिता प्रसाद लखेड़ा
एशियन पावरलिफ्टिंग चैंपियनशिप प्रतियोगिता में बमोथ की बेटी मुन्नी ने जीता गोल्ड मेडल, गांव में खुशी का माहौल
एशियन पावरलिफ्टिंग की महिला ओपन चैंपियनशिप प्रतियोगिता में गोल्ड मेडल जीतकर विकासखंड पोखरी के गांव बमोथ की बेटी मुन्नी देवी ने उत्तराखंड सहित जनपद चमोली का नाम रोशन किया है। मुन्नी देवी की इस ऐतिहासिक उपलब्धि पर गांव में खुशी की लहर है।

कक्षा वीं 12 तक पढ़ी किमोधा गांव के दिलवर की पत्नी मुन्नी देवी ने वर्ष 2026 में आयोजित एशियन पावरलिफ्टिंग चैंपियनशिप प्रतियोगिता में 75 किलोग्राम भार वर्ग ओपन कैटेगरी में प्रथम स्थान प्राप्त कर स्वर्ण पदक अर्जित किया है।
इस प्रतियोगिता के फुल पावरलिफ्टिंग इवेंट में मुन्नी देवी ने स्क्वाट में 120 किलोग्राम बेंच प्रेस में 75 किलोग्राम तथा डेडलिफ्ट में 155 किलोग्राम भार उठाया। जिससे मुन्नी देवी का कुल योग 350 किलोग्राम रहा। मुन्नी देवी ने कहा कि इसके अलावा वह तीन बार राष्ट्रीय स्तर पर स्वर्ण पदक विजेता रह चुकी है। मुन्नी देवी ने अपनी सफलता का श्रेय निरन्तर अभ्यास, अनुशासन, समर्पण भाव और उच्च प्रदर्शन को दिया है। मुन्नी देवी ने कहा कि अन्तर्राष्ट्रीय स्तर पर देश का प्रतिनिधित्व करते हुऐ उत्कृष्ट प्रदर्शन करना और पावरलिफ्टिंग में नये कीर्तिमान स्थापित करना उनके लिऐ गर्व का अवसर है।

अपने मायका बमोथ आगमन पर प्रधान रूचि ठाकुर के प्रतिनिधि प्रीतम ठाकुर सहित ग्रामीणों द्वारा मुन्नी देवी का भव्य स्वागत एवं अभिनन्दन किया गया। मूल मायका गांव कुजासू हाल बसासत मायका बमोथ तथा ससुराल किमोथा की मुन्नी देवी की इस उपलब्धि पर कु़जासू गांव व किमोथा में भी जश्न का माहौल बना हुआ है।
ग्राम प्रधान बमोथ रूचि देवी ठाकुर, पीपी प्रीतम सिंह ठाकुर, पूर्व क्षेत्र पंचायत सदस्य प्रदीप लखेड़ा, विजय लक्ष्मी चौधरी, पूर्व प्रधान प्रकाश रावत, सामाजिक कार्यकर्ता जीतेन्द्र मल्ल, अनिल बहुगुणा, धीरेन्द्र चौधरी, प्रमोद रावत, जगमोहन भट्ट, सुधीर नेगी, पुष्कर सिंह नेगी, महावीर रावत, पूर्व प्रधान एलपी लखेड़ा, दीपचंद ठाकुर, बृजमोहन भट्ट, संतोष लाल, वीरेंद्र, रविन्द्र दाणी आदि ने बधाई देते हुऐ कहा कि मुन्नी देवी की यह उपलब्धि न केवल चमोली जनपद बल्कि पोखरी विकासखंड और बमोथ गांव के लिए भी गौरव की बात है। जनप्रतिनिधियों ने कहा कि मुन्नी देवी की सफलता क्षेत्र की महिलाओं के लिये प्रेरणा बनेगी।
पावरलिफ्टर मुन्नी के पिता सुरेन्द्र लाल होमगार्ड में सेवारत हैं तथा माता श्रीमती सरोजिनी देवी गृहणी है।

