राजकीय जूनियर हाईस्कूल बैनोली में विज्ञान प्रदर्शनी एवं बाल विकास मेला हुआ आयोजित

Blog
 Image

 

चमोली।

  ललिता प्रसाद लखेड़ा
राजकीय जूनियर हाईस्कूल बैनोली में विज्ञान प्रदर्शनी एवं बाल विकास मेला हुआ आयोजित


       जनपद चमोली के विकासखंड कर्णप्रयाग के तहत राजकीय जूनियर हाईस्कूल बैनोली में राष्ट्रीय विज्ञान दिवस पर विज्ञान प्रदर्शनी एवं बाल विकास मेला धूमधाम से आयोजित हुआ।


       कार्यक्रम का शुभारंभ ब्लाक प्रमुख कर्णप्रयाग दीपिका मैखुरी तथा जिला पंचायत सदस्य जाख वार्ड रेखा बिष्ट ने दीप प्रज्ज्वलित कर किया। ब्लाक प्रमुख दीपिका मैखुरी ने बच्चों के नवाचार और वैज्ञानिक सोच की सराहना करते हुऐ कहा कि विज्ञान प्रदर्शनी में बच्चों की प्रतिभा  देखकर वह अत्यंत ही  प्रसन्न है। बच्चों की हौसला-अफजाई करते हुऐ उन्होने हर संभव सहयोग करने का आश्वासन दिया।  कार्यक्रम के दौरान मुख्य अतिथि ने विद्यालय भवन का निरीक्षण कर छात्र छात्राओं द्वारा तैयार किये गये विज्ञान माडलों का अवलोकन किया गया।
     इस अवसर पर स्कूली बच्चों ने रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत कर कार्यक्रम में उपस्थित जनसमूह का मन मोह लिया इस मौके पर सामाजिक विज्ञान एवं मानचित्र प्रतियोगिता 2026 के विजेताओं को सम्मानित किया गया।
            इस अवसर पर वरिष्ठ समाजसेवी एवं भाजपा कार्यसमिति सदस्य टीका प्रसाद मैखुरी ने कार्यक्रम की सराहना करते हुऐ कहा कि आज के समय में लोग सरकारी स्कूलों को प्राथमिकता नहीं देते लेकिन जूनियर हाईस्कूल बैनोली ने शिक्षा के क्षेत्र में उत्कृष्ट प्रदर्शन कर इस धारणा को गलत साबित किया है। राजकीय प्राथमिक शिक्षक संघ के मुकेश नेगी ने बतौर विशिष्ट अतिथि कार्यक्रम में शिरकत करते हुऐ छात्र छात्राओं द्वारा बनाऐ गये विज्ञान माडलों की सराहना की तथा कहा कि ऐसे आयोजनों से यह मिथक टूटता है कि सरकारी विद्यालयों में गुणवत्ता पूर्वक कार्य नहीं होता है।
        विज्ञान प्रदर्शनी एवं बाल विकास मेला में बच्चों ने एक से बढ़कर एक माडल प्रस्तुत किये। जिसमें मोबाइल फोन से पानी खोलने और बन्द करने वाला माडल विशेष आकर्षण का केंद्र बना रहा। छात्रा रूबी और अंशु ने बताया कि शिक्षकों के मार्गदर्शन और प्रोत्साहन से उनका आत्मविश्वास बढ़ता है। और भविष्य में वे ऐसे नवाचारों को रोजगार का माध्यम भी बना सकते हैं। विद्यालय के प्रधानाचार्य सुरेन्द्र चौहान और कार्यक्रम संयोजक विकास कोठियाल ने बताया कि विज्ञान प्रदर्शनी के लिए विद्यार्थियों को आवश्यक सामग्री उपलब्ध कराई जाती है तथा विज्ञान शिक्षक उनके माडल तैयार करने में मार्ग दर्शन करते हैं।
इस अवसर पर राजकीय प्राथमिक विद्यालय बैनोली के शिक्षक - शिक्षिकाऐ, स्कूली बच्चे, महिला मंगल दल बैनोली सहित क्षेत्र के अनेक गणमान्य लोग मौजूद रहे।