ऋषिकेश-बद्रीनाथ हाईवे पर बस के ब्रेक फेल।चालक की सूझबूझ से टला बड़ा हादसा
ऋषिकेश।
ऋषिकेश-बद्रीनाथ राष्ट्रीय राजमार्ग पर तोता घाटी के समीप शनिवार को एक बड़ा सड़क हादसा टल गया। जीएमओयू की
कर्णप्रयाग से हरिद्वार जा रही बस के अचानक ब्रेक फेल हो गए, जिससे बस में सवार यात्रियों में अफरा-तफरी मच गई। हालांकि चालक की सूझबूझ और साहसिक निर्णय से 39 यात्रियों की जान बच गई।

जानकारी के अनुसार कर्णप्रयाग के सुंदर गांव निवासी चालक जयंती प्रसाद पुत्र भगवती प्रसाद बस चला रहे थे। तोता घाटी की तीखी ढलान पर अचानक बस के ब्रेक ने काम करना बंद कर दिया। चालक ने बस की रफ्तार कम करने के लिए सड़क किनारे मिट्टी और पत्थरों पर टायर चढ़ाकर रोकने का प्रयास किया, लेकिन ढलान अधिक होने के कारण बस नहीं रुकी। स्थिति को भांपते हुए चालक ने बड़ा जोखिम उठाया और बस को सड़क किनारे लगे सुरक्षा पिलरों से टकरा दिया, जिससे बस रुक गई। यदि बस नहीं रुकती तो वह अनियंत्रित होकर गहरी खाई में गिर सकती थी। इस हादसे की सूचना मिलते ही बछेलीखाल पुलिस चौकी की टीम मौके पर पहुंची।
पुलिस ने बस को सड़क से हटवाकर यातायात सुचारु कराया। साथ ही वाहन की तकनीकी जांच कराई जा रही है और मामले की विस्तृत जांच शुरू कर दी गई है। उल्लेखनीय है कि तोता घाटी क्षेत्र पूर्व में भी दुर्घटनाओं के लिहाज से संवेदनशील माना जाता रहा है।बस में सवार पांच यात्रियों को हल्की चोटें आई हैं, जिन्हें प्राथमिक उपचार के बाद भेज दिया गया है। शेष सभी यात्री सुरक्षित हैं और उन्हें वैकल्पिक वाहनों से गंतव्य के लिए रवाना कर दिया गया है।

