देहरादून–पिथौरागढ़ हवाई सेवा शुरू,  अब सिर्फ 1 घंटे में पूरा होगा सफर

Blog
 Image

देहरादून–पिथौरागढ़ हवाई सेवा शुरू, 

अब सिर्फ 1 घंटे में पूरा होगा सफर


मुख्यमंत्री ने किया शुभारंभ, एलाइंस एयर संचालित करेगा 42 सीटर विमान

देहरादून।

मुख्यमंत्री ने जौलीग्रांट एयरपोर्ट से विमान सेवा का शुभारंभ किया। गुरुवार को जौलीग्रांट एयरपोर्ट से मुख्यमंत्री नेविमान सेवा का शुभारम्भ किया। एलाइंस एयर द्वारा संचालित इस 42 सीटर विमान सेवा के शुरू होने से अब पिथौरागढ़ से देहरादून का सफर महज एक घंटे में पूरा किया जा सकेगा।
मुख्यमंत्री ने कहा कि रामनवमी के पावन अवसर पर शुरू की गई यह सेवा न केवल आम जनता के लिए राहतभरी है, बल्कि सामरिक दृष्टि से भी बेहद महत्वपूर्ण है। उन्होंने कहा कि पहले हवाई यात्रा को केवल सम्पन्न वर्ग तक सीमित माना जाता था, लेकिन आज नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में आम नागरिक भी सस्ती दरों पर हवाई यात्रा कर रहा है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि वर्ष 2016 में शुरू की गई उड़ान योजना ने देश के छोटे शहरों और दूरस्थ क्षेत्रों को हवाई नेटवर्क से जोड़ने में अहम भूमिका निभाई है। हाल ही में केंद्र सरकार ने उड़ान योजना 2.0 को मंजूरी दी है, जिसके तहत अगले 10 वर्षों में 29 हजार करोड़ रुपये के बजट से 100 नए हवाई अड्डे और 200 हेलीपैड विकसित किए जाएंगे।
उन्होंने कहा कि पर्वतीय राज्य उत्तराखंड के लिए हवाई सेवाएं जीवन रेखा बन चुकी हैं। दुर्गम क्षेत्रों में आवश्यक सामग्री पहुंचाने और गंभीर मरीजों को समय पर उपचार उपलब्ध कराने में इनका विशेष महत्व है। वर्तमान में राज्य में उड़ान योजना के तहत 26 हवाई मार्ग संचालित हो रहे हैं, जबकि 2023 में शुरू की गई उत्तराखंड एयर कनेक्टिविटी योजना के अंतर्गत 6 मार्गों पर नियमित उड़ानें संचालित की जा रही हैं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि पिछले चार वर्षों में राज्य में हेलिपोर्ट्स की संख्या 2 से बढ़कर 12 और हेलीपैड की संख्या 60 से बढ़कर 118 हो गई है। इसके साथ ही उत्तराखंड को “बेस्ट स्टेट फॉर प्रमोशन ऑफ एविएशन इकोसिस्टम” का राष्ट्रीय सम्मान भी मिल चुका है।
उन्होंने कहा कि इस नई सेवा से पिथौरागढ़ की अर्थव्यवस्था को मजबूती मिलेगी और सीमांत क्षेत्रों को विकास की मुख्यधारा से जोड़ने में मदद मिलेगी। साथ ही पिथौरागढ़ और मुनस्यारी के बीच हेली सेवा भी शुरू की गई है। सरकार पिथौरागढ़ हवाई अड्डे के विकास पर 450 करोड़ रुपये खर्च कर रही है।
कार्यक्रम में केंद्रीय नागरिक उड्डयन मंत्री किंजरापु राममोहन नायडू ने वीडियो संदेश के माध्यम से शुभकामनाएं दीं। इस अवसर पर कई जनप्रतिनिधि और अधिकारी मौजूद रहे।