देहरादून में “ऑपरेशन नाइट वॉच” का असर,
2 दिन में 71 नशे में वाहन चलाने वाले गिरफ्तार, 62 वाहन सीज
रात्रि चेकिंग अभियान में 2600 से अधिक वाहनों की जांच, 156 संदिग्ध थाने लाए गए
देहरादून।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर जिले में हुड़दंगी छात्रों और असामाजिक तत्वों पर नकेल कसने के लिए चलाए जा रहे “ऑपरेशन नाइट वॉच” के तहत दून पुलिस ने बीते दो दिनों में व्यापक कार्रवाई की है।
अभियान के दौरान पुलिस ने रात में सभी थाना क्षेत्रों में सघन चेकिंग अभियान चलाते हुए शराब पीकर वाहन चलाने वाले 71 लोगों को गिरफ्तार किया। साथ ही उनके 21 चौपहिया और 50 दोपहिया वाहनों को सीज किया गया।
इसके अलावा वाहनों में हूटर, काले शीशे और रैश ड्राइविंग करने वाले 12 अन्य वाहनों को भी सीज किया गया। यातायात नियमों के उल्लंघन पर 98 वाहन चालकों के खिलाफ चालानी कार्रवाई करते हुए 38,500 रुपये का जुर्माना वसूला गया और 21 मामलों में कोर्ट चालान किए गए।
पुलिस ने अभियान के दौरान 2663 वाहनों की जांच की तथा 1900 से अधिक लोगों से पूछताछ कर उनकी सत्यापन संबंधी जानकारी जुटाई। रात में अनावश्यक रूप से घूम रहे 288 व्यक्तियों से पूछताछ की गई, जिनमें से 156 संदिग्धों को थाने लाया गया।
वहीं 99 व्यक्तियों के खिलाफ 81 पुलिस एक्ट के तहत चालान करते हुए 49,500 रुपये का जुर्माना लगाया गया।
एसएसपी डोबाल ने स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि विश्वविद्यालय और कॉलेज के नाम पर रात में अनावश्यक रूप से घूमने, हुड़दंग करने या किसी भी प्रकार की आपराधिक गतिविधि में शामिल पाए जाने वाले छात्रों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी। साथ ही संबंधित शिक्षण संस्थानों से उनके निष्कासन की भी कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।
पुलिस को निर्देशित किया गया है कि वे अपने-अपने क्षेत्रों में शिक्षण संस्थानों में गुटबाजी करने वाले छात्रों को चिन्हित करें और उनके खिलाफ प्रभावी कार्रवाई करें। “ऑपरेशन नाइट वॉच” के तहत यह अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा
विश्वविद्यालय/कॉलेज के नाम पर रात में घूमना, हुड़दंग या अपराध करना बर्दाश्त नहीं होगा। ऐसे युवकों पर सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी और दोषी छात्रों का निष्कासन भी सुनिश्चित किया जाएगा।

