भ्रामक वीडियो से न हों गुमराह, हेमकुंड यात्रा मार्ग पर पेयजल सहित सभी व्यवस्थाएं चाक-चौबंद

Blog
 Image

चमोली

हेमकुंड साहिब यात्रा मार्ग पर सभी व्यवस्थाएं चाक-चौबंद, पेयजल व्यवस्था पूरी तरह सुचारु

भ्रामक वीडियो से न हों गुमराह, हेमकुंड यात्रा मार्ग पर पेयजल सहित सभी व्यवस्थाएं चाक-चौबंद

श्री हेमकुंड साहिब यात्रा मार्ग पर श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए सभी आवश्यक व्यवस्थाएं सुचारु रूप से संचालित की जा रही हैं। कुछ सोशल मीडिया प्लेटफार्मों पर यह भ्रामक जानकारी प्रसारित की जा रही थी ।

 यात्रा मार्ग पर स्थापित सार्वजनिक पेयजल स्थलों से टैप (नल) हटा दिए गए हैं, जिससे श्रद्धालुओं को पेयजल की समस्या का सामना करना पड़ रहा है। जिला प्रशासन ने इस संबंध में तत्काल संज्ञान लेते हुए वस्तुस्थिति का स्थलीय सत्यापन कराया।

जिलाधिकारी  गौरव कुमार के निर्देशानुसार जल संस्थान के विभागीय अधिकारियों एवं कर्मचारियों की टीम द्वारा श्री हेमकुंड साहिब यात्रा मार्ग पर सभी पेयजल व्यवस्थाओं का स्थलीय निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान सभी सार्वजनिक पेयजल स्थल क्रियाशील पाए गए तथा सभी स्थानों पर टैप लगे हुए मिले। स्थलीय निरीक्षण में सम्पूर्ण श्री हेमकुंड यात्रा मार्ग पर पेयजल व्यवस्था सुचारु पाई गई। सभी पेयजल स्थलों पर टैप क्रियाशील मिले जिनसे श्रद्धालुओं को पर्याप्त मात्रा में स्वच्छ पेयजल उपलब्ध हो रहा है।

 

अधिशासी अभियंता, जल संस्थान संजय सैनी ने बताया कि सोशल मीडिया पर प्रसारित किए जा रहे कुछ वीडियो यात्रा प्रारंभ होने से पूर्व के हैं। यात्रा शुरू होने से पहले ही संबंधित स्थलों पर आवश्यक मरम्मत एवं सुधार कार्य कर सभी पेयजल व्यवस्थाओं को दुरुस्त कर दिया गया था। वर्तमान में सम्पूर्ण हेमकुंड साहिब यात्रा मार्ग पर पेयजल आपूर्ति सुचारु है तथा श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा नहीं हो रही है।

जिलाधिकारी  गौरव कुमार ने स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि श्री हेमकुंड साहिब यात्रा से जुड़े सभी विभाग समन्वय के साथ कार्य करते हुए यात्रा मार्ग पर उपलब्ध सुविधाओं की निरंतर निगरानी सुनिश्चित करें। उन्होंने कहा कि श्रद्धालुओं की सुरक्षा, सुविधा और सुगम यात्रा जिला प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होनें यात्रा मार्ग पर पेयजल, स्वच्छता, स्वास्थ्य, विद्युत, संचार, यातायात तथा अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं को पूरी तरह सुदृढ़ बनाए रखने के निर्देश संबंधित अधिकारियों को दिए हैं।

 

जिलाधिकारी ने श्रद्धालुओं से अपील की है कि वे सोशल मीडिया पर प्रसारित होने वाली अपुष्ट अथवा भ्रामक सूचनाओं पर विश्वास न करें तथा किसी भी जानकारी के लिए जिला प्रशासन अथवा संबंधित विभागों द्वारा जारी आधिकारिक सूचनाओं पर ही भरोसा करें।