हिमालयी महाकुंभ श्री नंदा राजजात की तैयारियों को लेकर आयोजित बैठक में यात्रा के भव्य एवं सुव्यवस्थित आयोजन का लिया संकल्प
सुभाष पिमोली थराली।
विश्व प्रसिद्ध आस्था, संस्कृति एवं लोक परंपरा की प्रतीक हिमालयी महाकुंभ श्री नंदा राजजात यात्रा 2027 की तैयारियों को लेकर वीरवार को देहरादून स्थित इंडियन एकेडमी में एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजन किया गया । बैठक में श्री नंदा देवी राजजात समिति एवं नंदा राजजात की कोर कमेटी के सदस्यों ने यात्रा के सफल, भव्य, सुरक्षित एवं ऐतिहासिक आयोजन को सुनिश्चित करने के उद्देश्य से विभिन्न महत्वपूर्ण विषयों पर विस्तृत चर्चा की।
बैठक में यात्रा मार्ग के विभिन्न पड़ावों पर आवश्यक व्यवस्थाओं जैसे लाइट,पानी, बिजली, शौचालयो एवं अन्य व्यवस्थाओं सहित आधारभूत सुविधाओं तथा सुधार कार्यों की समीक्षा की गई। उपस्थित सदस्यों ने इस बात पर विशेष बल दिया कि वर्ष 2027 की नंदा राजजात यात्रा श्रद्धालुओं के लिए सुगम, सुरक्षित एवं सुव्यवस्थित हो तथा इसके माध्यम से उत्तराखंड की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत को वैश्विक स्तर पर नई पहचान मिले।
इस अवसर पर विभिन्न क्षेत्रों से जुड़े बुद्धिजीवियों, सामाजिक कार्यकर्ताओं एवं गणमान्य व्यक्तियों ने सहभागिता करते हुए अपने महत्वपूर्ण सुझाव प्रस्तुत किए। सभी वक्ताओं ने यात्रा के सफल आयोजन हेतु सामूहिक प्रयासों, जनसहभागिता तथा समन्वित कार्ययोजना की आवश्यकता पर जोर दिया।
बैठक में बताया गया कि वर्ष 2014 की नंदा राजजात यात्रा के दौरान सरकार के सहयोग के साथ समाज एवं विभिन्न संस्थाओं की सहभागिता सुनिश्चित करने के उद्देश्य से श्री नंदा देवी राजजात सेवा समिति का गठन किया गया था। समिति तब से निरंतर समर्पित भाव से यात्रा मार्ग एवं पड़ावों की व्यवस्थाओं को सुदृढ़ करने के लिए कार्य कर रही है।
बैठक में श्री नंदा देवी राजजात समिति के अध्यक्ष डॉ. राजेश कुंवर (गढ़वाल के राजवंशी कांसुवा गांव के राजकुंवरों के प्रतिनिधि), समिति के महामंत्री भुवन नौटियाल, श्री नंदा देवी राजजात सेवा समिति के अध्यक्ष विशन सिंह कुंवर, कोषाध्यक्ष विनोद कुमार नौटियाल, डॉ. अविनाश जोशी, बहुभाषी लेखक धर्म सिंह फरस्वाण, शिव पैन्यूली, शालिनी नौटियाल, प्रेमा नौटियाल, रेखा खत्री, कर्नल डी.सी. वर्तवाल, डॉ. हरीश मैखुरी, डॉ. मानवेन्द्र बत्रवाल, डॉ. भुवन चंद्र जोशी, आचार्य डॉ. कृष्णानंद, नवीन चंद्र जोशी, पंडित अनसूया प्रसाद, डॉ. वीरेन्द्र कुंवर, खुशहाल सिंह बिष्ट, द्वारिका प्रसाद, नरेन्द्र प्रसाद, राम प्रसाद, ब्रिगेडियर मोहित नौटियाल सहित अनेक प्रतिष्ठित व्यक्तित्व उपस्थित रहे।
बैठक का संचालन श्री नंदा देवी राजजात सेवा समिति के सचिव डॉ. अविनाश जोशी ने किया, जबकि धन्यवाद ज्ञापन इंडियन एकेडमी के संचालक मुनेन्द्र खंडूरी ने किया।
बैठक में यह भी निर्णय लिया गया कि तैयारियों की प्रगति की समीक्षा एवं आगामी कार्ययोजना को अंतिम रूप देने के लिए अगली समीक्षा बैठक 12 जुलाई 2026 को देहरादून में आयोजित की जाएगी।
बैठक के अंत में सभी उपस्थित सदस्यों ने मां नंदा राजजात 2027 को भव्य, दिव्य, सुरक्षित एवं सुव्यवस्थित रूप से संपन्न कराने के लिए पूर्ण सहयोग, समर्पण एवं सक्रिय सहभागिता का संकल्प लिया। साथ ही विश्वास व्यक्त किया गया कि सामूहिक प्रयासों एवं जनसहयोग से यह यात्रा अपनी गौरवशाली परंपरा के अनुरूप एक ऐतिहासिक आयोजन के रूप में स्थापित होगी।

