गौ संरक्षण को आधुनिक विज्ञान और अनुसंधान से जोड़ना समय की जरूरत: मुख्यमंत्री धामी

Blog
 Image

देहरादून। उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने शनिवार को उत्तर प्रदेश के मथुरा जनपद के फरह स्थित गऊ-ग्राम परखम में आयोजित भव्य कार्यक्रम में शिरकत की। दीनदयाल गौ विज्ञान अनुसंधान एवं प्रशिक्षण केंद्र में दीनदयाल कामधेनु गौशाला समिति द्वारा आयोजित इस समारोह में मुख्यमंत्री ने विभिन्न शैक्षणिक, चिकित्सकीय और अनुसंधान प्रकल्पों का लोकार्पण एवं शिलान्यास किया।

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि गौ संरक्षण केवल धार्मिक आस्था का विषय नहीं, बल्कि ग्रामीण अर्थव्यवस्था, प्राकृतिक खेती और किसानों की समृद्धि से भी सीधे जुड़ा हुआ है। आज आवश्यकता है कि गौ सेवा को पारंपरिक ज्ञान के साथ आधुनिक शिक्षा, वैज्ञानिक अनुसंधान, चिकित्सा और प्रशिक्षण से जोड़ा जाए। मुख्यमंत्री शनिवार को उत्तर प्रदेश के मथुरा जनपद के फरह स्थित गऊ-ग्राम, परखम में दीनदयाल गौ विज्ञान अनुसंधान एवं प्रशिक्षण केंद्र में दीनदयाल कामधेनु गौशाला समिति के विभिन्न प्रकल्पों के लोकार्पण एवं शिलान्यास कार्यक्रम में बोल रहे थे। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने पशु आयुर्वेद एवं पारंपरिक ज्ञान में एक वर्षीय स्नातकोत्तर डिप्लोमा पाठ्यक्रम का शुभारंभ किया। इसके साथ ही आयुर्वेद एवं पंचगव्य अनुसंधान केंद्र और नंदीश्वर छात्रावास का लोकार्पण किया गया। वहीं आयुर्वेद महाविद्यालय एवं चिकित्सालय, पशु चिकित्सा महाविद्यालय तथा आवासीय परिसर का शिलान्यास भी किया गया। मुख्यमंत्री ने इन प्रकल्पों को गौ संरक्षण, पशु चिकित्सा और अनुसंधान के क्षेत्र में नई संभावनाओं का आधार बताया। मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि मथुरा भारतीय संस्कृति और आध्यात्मिक चेतना का प्रमुख केंद्र है। भगवान श्रीकृष्ण ने इसी पावन भूमि से मानवता को धर्म, कर्म और कर्तव्य का संदेश दिया। उनके जीवन के अनेक प्रसंग गौमाता के प्रति प्रेम और सम्मान को दर्शाते हैं। उन्होंने कहा कि दीनदयाल कामधेनु गौशाला समिति गौ सेवा को केवल गोवंश संरक्षण तक सीमित न रखकर उसे शिक्षा, चिकित्सा और वैज्ञानिक अनुसंधान से जोड़ने का महत्वपूर्ण कार्य कर रही है। उन्होंने कहा कि भारतीय परंपराओं में आयुर्वेद और पशु चिकित्सा से जुड़े ज्ञान का विशेष स्थान रहा है। अब जरूरत है कि इस पारंपरिक ज्ञान को वैज्ञानिक अनुसंधान का आधार मिले, ताकि गोवंश के संरक्षण और संवर्धन के साथ पशु चिकित्सा के क्षेत्र में भी नई संभावनाएं विकसित की जा सकें। कार्यक्रम में जिन प्रकल्पों का लोकार्पण और शिलान्यास हुआ है, वे भविष्य की आवश्यकताओं को ध्यान में रखकर तैयार किए जा रहे हैं। यहां से प्रशिक्षित विद्यार्थी और शोधार्थी नए विचारों को आगे बढ़ाने के साथ भारतीय ज्ञान परंपरा को भी मजबूती देंगे। मुख्यमंत्री ने उत्तराखंड और ब्रजभूमि के बीच मां यमुना के आध्यात्मिक और सांस्कृतिक संबंधों का उल्लेख करते हुए कहा कि यमुनोत्री धाम से निकलने वाली यमुना अनेक क्षेत्रों को जीवन प्रदान करती हुई ब्रजभूमि तक पहुंचती है। उन्होंने उत्तराखंड के हरिपुर-कालसी के ऐतिहासिक और धार्मिक महत्व पर भी प्रकाश डाला। धामी ने बताया कि हरिपुर-कालसी की प्राचीन धार्मिक पहचान को पुनर्स्थापित करने के उद्देश्य से वहां मां यमुना के भव्य घाट का निर्माण कराया गया है और यमुना की भव्य प्रतिमा भी स्थापित की गई है। राज्य सरकार का प्रयास है कि इस स्थान को मां यमुना के प्रमुख धार्मिक एवं आध्यात्मिक केंद्र के रूप में विकसित किया जाए। उन्होंने संत समाज और श्रद्धालुओं को हरिपुर-कालसी पहुंचकर मां यमुना की आरती में शामिल होने का आमंत्रण दिया। मुख्यमंत्री ने कहा कि संस्कृति और परंपराओं का संरक्षण केवल उनके गौरव का उल्लेख करने से नहीं, बल्कि ठोस प्रयासों से संभव है। नदियों का संरक्षण, गोवंश का संवर्धन और अनुसंधान को नई दिशा देना आने वाली पीढ़ियों तक विरासत पहुंचाने के महत्वपूर्ण माध्यम हैं। उन्होंने दीनदयाल कामधेनु गौशाला समिति के प्रयासों को उत्तराखंड, उत्तर प्रदेश सहित पूरे देश के लिए अनुकरणीय बताया। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के विकसित भारत के संकल्प का उल्लेख करते हुए कहा कि इसे साकार करने में समाज के प्रत्येक वर्ग को योगदान देना होगा। मुख्यमंत्री ने समिति के पदाधिकारियों, गौ सेवकों और सहयोगियों को नए प्रकल्पों के लोकार्पण एवं शिलान्यास की शुभकामनाएं दीं।