सिलक्यारा विजय अभियान की तीसरी वर्षगांठ पर देहरादून में विश्व आपदा प्रबंधन सम्मेलन का आगाज

Blog
 Image

देहरादून। बहुचर्चित सिलक्यारा टनल रेस्क्यू की ऐतिहासिक जीत के तीन वर्ष पूरे होने के उपलक्ष्य में शनिवार से राजधानी देहरादून में तीन दिवसीय 'विश्व आपदा प्रबंधन सम्मेलन 2026' का भव्य शुभारंभ हुआ। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने इस अंतरराष्ट्रीय सम्मेलन का उद्घाटन किया। 28 से 30 नवंबर तक चलने वाले इस वैश्विक आयोजन में आपदा न्यूनीकरण, जलवायु परिवर्तन और हिमालयी पारिस्थितिकी की सुरक्षा को लेकर गहन मंथन किया जा रहा है।

सिलक्यारा सुरंग बचाव अभियान की ऐतिहासिक सफलता के तीन वर्ष पूरे होने के अवसर पर उत्तराखंड की राजधानी देहरादून में शनिवार से तीन दिवसीय विश्व आपदा प्रबंधन सम्मेलन-2026 का शुभारंभ हुआ। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने सम्मेलन का उद्घाटन किया। 28 से 30 नवंबर तक आयोजित इस वैश्विक आयोजन में देश-विदेश के वैज्ञानिक, आपदा विशेषज्ञ, शोधकर्ता और नीति-निर्माता एक मंच पर जुटे हैं। सम्मेलन का उद्देश्य प्राकृतिक आपदाओं से निपटने की तैयारी को मजबूत करना, स्थानीय समुदायों की क्षमता बढ़ाना और भविष्य के लिए आपदा-रोधी व्यवस्था विकसित करना है। सम्मेलन के संयोजक प्रो. दुर्गेश पंत ने बताया कि हिमालयन अकादमी ऑफ साइंस एंड टेक्नोलॉजी की ओर से आयोजित इस सम्मेलन की थीम ‘रेसिलिएंस स्टार्ट्स एट होम : एंटीसिपेटिंग रिस्क्स, बिल्डिंग रेसिलिएंस, ट्रांसफॉर्मिंग फ्यूचर्स’ रखी गई है। इसका मूल संदेश है कि आपदा से मुकाबला करने की तैयारी घर और गांव से शुरू होकर वैश्विक स्तर तक पहुंचनी चाहिए। इसी सोच के साथ ‘गांव से ग्लोब तक : एक आवाज’ का संकल्प लेकर सम्मेलन आयोजित किया जा रहा है। कार्बन उत्सर्जन को नियंत्रित करने और स्थानीय स्तर पर आपदाओं से मुकाबला करने की क्षमता विकसित करने पर भी विशेष जोर रहेगा। आयोजकों के अनुसार, सम्मेलन में उत्तराखंड के सभी जिलों के प्रतिनिधियों के साथ देश के 30 से अधिक राज्यों और छह महाद्वीपों के लगभग 50 देशों के विशेषज्ञ हिस्सा ले रहे हैं। इस आयोजन में इसरो, डीआरडीओ, आईआईटी रुड़की, वाडिया हिमालय भूविज्ञान संस्थान, सीबीआरआई, जवाहरलाल नेहरू विश्वविद्यालय और सी-डॉट सहित 30 से अधिक राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय संस्थानों का सहयोग मिल रहा है। तीन दिवसीय सम्मेलन के दौरान 38 से अधिक तकनीकी सत्र आयोजित किए जाएंगे, जिनमें 200 से अधिक शोधपत्र प्रस्तुत किए जाएंगे। इन सत्रों में हिमालयी ग्लेशियरों में हो रहे बदलाव, बाढ़, चक्रवात, अंतरिक्ष तकनीक, कृत्रिम बुद्धिमत्ता, पूर्व चेतावनी प्रणाली, सामुदायिक रेडियो और शहरी क्षेत्रों में बढ़ती गर्मी जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर चर्चा होगी। इसके साथ ही आपदा प्रबंधन में महिलाओं और युवाओं की भागीदारी को लेकर भी विचार-विमर्श किया जाएगा। विशेषज्ञ इस बात पर मंथन करेंगे कि आपदा आने से पहले जोखिम का आकलन कैसे किया जाए, समय रहते चेतावनी किस तरह पहुंचाई जाए और राहत-बचाव कार्यों को अधिक प्रभावी कैसे बनाया जाए। सिलक्यारा सुरंग बचाव अभियान के अनुभवों से मिले सबक भी इस वैश्विक चर्चा के महत्वपूर्ण संदर्भ रहेंगे। सम्मेलन के पांच प्रमुख स्तंभ इंटेलिजेंस, इंफ्रास्ट्रक्चर, इनोवेशन, इंक्लूजन और इन्वेस्टमेंट निर्धारित किए गए हैं। गंगा और यमुना जैसी जीवनदायिनी नदियों के उद्गम स्थल हिमालय को सुरक्षित रखने के लिए वैज्ञानिक दृष्टिकोण, मजबूत आधारभूत ढांचे, नई तकनीक और जनभागीदारी पर जोर दिया जाएगा। आयोजकों का मानना है कि सम्मेलन से निकलने वाले सुझाव और निष्कर्ष उत्तराखंड के साथ-साथ देश और दुनिया को आपदा प्रबंधन की बेहतर रणनीति बनाने में मदद कर सकते हैं। सिलक्यारा अभियान की तीसरी वर्षगांठ पर आयोजित यह सम्मेलन आपदा से जूझने के अनुभवों को भविष्य की तैयारियों में बदलने का महत्वपूर्ण अवसर बनकर सामने आया है।