रसोईघर में कैद हुआ गुलदार: मकान मालिक की सूझबूझ से टला बड़ा हादसा, दो घंटे की मशक्कत के बाद वन विभाग ने किया सुरक्षित रेस्क्यू

Blog
 Image

नई टिहरी। पहाड़ी क्षेत्रों में वन्यजीवों और मानव के बीच बढ़ते संघर्ष के बीच टिहरी जिले के चंबा ब्लॉक अंतर्गत सौंदकोटी गांव से एक सनसनीखेज और राहत भरी खबर सामने आई है। यहां शनिवार शाम एक गुलदार कुत्ते का पीछा करते हुए रिहायशी इलाके में आ धमका और सीधे एक घर के रसोईघर में जा घुसा। घर के भीतर गुलदार को देखकर परिजनों के होश उड़ गए, लेकिन मकान मालिक की त्वरित सूझबूझ और साहस ने एक बड़े हादसे को टाल दिया। सूचना पर पहुंची वन विभाग की टीम ने करीब दो घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद गुलदार को सुरक्षित रेस्क्यू कर पिंजरे में कैद कर लिया।

उत्तराखंड पहाड़ी इलाकों में मानव और वन्यजीवों के बीच बढ़ता संघर्ष अब घरों की दहलीज तक पहुंच गया है। टिहरी जिले के चंबा ब्लॉक के सौंदकोटी गांव में शनिवार शाम उस समय हड़कंप मच गया, जब एक गुलदार कुत्ते का पीछा करते हुए सीधे एक मकान के रसोईघर में जा घुसा। घर के भीतर विशाल गुलदार को देखकर परिवार के लोगों के होश उड़ गए। हालांकि, मकान मालिक की सूझबूझ और साहस के चलते एक बड़ा हादसा टल गया। उन्होंने रसोईघर का दरवाजा बाहर से बंद कर गुलदार को अंदर ही कैद कर दिया। सूचना पर पहुंची वन विभाग की टीम ने करीब दो घंटे की मशक्कत के बाद ट्रैंकुलाइजर गन से गुलदार को बेहोश कर सुरक्षित रेस्क्यू कर लिया। जानकारी के अनुसार शनिवार शाम गुलदार गांव के रिहायशी इलाके में एक कुत्ते का पीछा करते हुए पहुंचा था। कुत्ता किसी तरह अपनी जान बचाकर वहां से भाग निकला, लेकिन गुलदार एक मकान के रसोईघर में घुस गया। इसी दौरान भवन स्वामी भीम सिंह नेगी को अपने कुत्ते की तेज और असामान्य आवाज सुनाई दी। आवाज सुनकर वह रसोईघर की ओर पहुंचे। जैसे ही उन्होंने अंदर झांककर देखा तो सामने विशाल गुलदार मौजूद था। स्थिति की गंभीरता को समझते हुए भीम सिंह नेगी ने घबराने के बजाय सूझबूझ दिखाई और तत्काल रसोईघर का दरवाजा बाहर से बंद कर दिया। इससे गुलदार कमरे के भीतर ही कैद हो गया। इसके बाद उन्होंने वन विभाग को सूचना दी। घर में गुलदार घुसने की खबर फैलते ही आसपास के ग्रामीणों की भीड़ जमा हो गई और पूरे गांव में दहशत का माहौल बन गया। सूचना मिलते ही वन विभाग की विशेष टीम मौके पर पहुंची। वन दरोगा अजय पाल पंवार के नेतृत्व में टीम ने बेहद सावधानी से रेस्क्यू अभियान शुरू किया। करीब दो घंटे तक चले अभियान के बाद रात लगभग 10 बजे ट्रैंकुलाइजर गन की मदद से गुलदार को बेहोश कर दिया गया। इसके बाद उसे सुरक्षित तरीके से मजबूत पिंजरे में कैद कर लिया गया। इस घटना ने एक बार फिर पहाड़ों में बढ़ते मानव-वन्यजीव संघर्ष और रिहायशी इलाकों में गुलदार की दस्तक को लेकर ग्रामीणों की सुरक्षा का सवाल खड़ा कर दिया है। गनीमत रही कि मकान मालिक की सूझबूझ और वन विभाग की तत्परता से कोई जनहानि नहीं हुई।