गायत्री परिवार शताब्दी समारोह: लक्ष्य पाने के लिए हनुमान जी के पथ पर चलें कार्यकर्ता, हरिद्वार में बोले संघ प्रमुख मोहन भागवत

Blog
 Image

हरिद्वार। धर्मनगरी हरिद्वार स्थित अखिल विश्व गायत्री परिवार के मुख्यालय शांतिकुंज में शनिवार को दो दिवसीय शताब्दी समारोह का भव्य और आध्यात्मिक आगाज हुआ। इस ऐतिहासिक अवसर पर मुख्य अतिथि के रूप में पहुंचे राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) के सरसंघचालक डॉ. मोहन भागवत ने कार्यकर्ताओं और साधकों को राष्ट्र एवं संस्कृति निर्माण का मूल मंत्र दिया। उन्होंने कहा कि गायत्री परिवार और संघ परिवार दोनों का ही कार्य विशुद्ध रूप से ईश्वरीय कार्य है, और इस लक्ष्य की प्राप्ति के लिए कार्यकर्ताओं को भगवान हनुमान के आदर्शों व उनके दिखाए पथ पर चलना होगा।

राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के सरसंघचालक मोहन भागवत ने समारोह को संबोधित करते हुए कहा कि किसी भी बड़े लक्ष्य की प्राप्ति के लिए दृढ़ संकल्प, श्रद्धा, समर्पण और निरंतर पुरुषार्थ आवश्यक है। कार्यकर्ताओं को भगवान हनुमान के आदर्शों से प्रेरणा लेते हुए अपने निर्धारित लक्ष्य की प्राप्ति तक निरंतर कार्य करना चाहिए। भगवान हनुमान का संकल्प था कि जब तक रामकाज पूरा नहीं होगा, तब तक विश्राम नहीं करेंगे। यही निष्ठा और समर्पण प्रत्येक कार्यकर्ता के जीवन का आधार होना चाहिए। उन्होंने कहा कि सनातन धर्म और संस्कृति का उत्थान ईश्वरीय इच्छा है, लेकिन इसके लिए भगवान मनुष्य को योग्य बनाकर उससे पुरुषार्थ कराते हैं। मनुष्य को अपनी जिम्मेदारी समझते हुए इस दिशा में निरंतर प्रयास करना होगा। मोहन भागवत शनिवार को हरिद्वार स्थित शांतिकुंज में गायत्री परिवार के शताब्दी समारोह के उद्घाटन अवसर पर संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि गायत्री परिवार को 100 वर्ष और राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ को 101 वर्ष पूरे हो चुके हैं। किसी संगठन को इतने लंबे समय तक निरंतर संचालित करना आसान नहीं होता। इसके पीछे वर्षों की साधना, समर्पण और उद्देश्य के प्रति अटूट प्रतिबद्धता होती है। दोनों संगठनों की यात्रा इस बात का उदाहरण है कि दृढ़ संकल्प और निरंतर प्रयास से समाज में लंबे समय तक सकारात्मक कार्य किए जा सकते हैं। संघ प्रमुख ने भगवान राम और भगवान कृष्ण के प्रसंगों का उल्लेख करते हुए कहा कि भगवान राम चाहते तो अकेले ही रावण का अंत कर सकते थे, लेकिन उन्होंने वानर सेना को संगठित किया और उसके पुरुषार्थ से विजय प्राप्त की। इसी तरह भगवान कृष्ण ने पांडवों को धर्म की स्थापना के लिए स्वयं शस्त्र उठाने की प्रेरणा दी। इससे स्पष्ट होता है कि ईश्वरीय कार्यों में भी मनुष्य का पुरुषार्थ महत्वपूर्ण होता है। उन्होंने कहा कि लगभग 20 वर्ष पहले सनातन धर्म के भविष्य को लेकर अनेक आशंकाएं व्यक्त की जाती थीं, लेकिन पिछले 100 वर्षों में हुए उत्थान के बाद अब भयभीत होने की आवश्यकता नहीं है। सनातन धर्म नियति का लेख है और उसका उत्थान होना है। परिस्थितियों को देखकर डरने के बजाय संकल्प और उत्साह के साथ चुनौतियों का सामना करना चाहिए। वीरों के लिए कठिन परिस्थितियां नए उत्साह का कारण बनती हैं। भागवत ने आपातकाल के दौर का उल्लेख करते हुए कहा कि उस समय संघ पर प्रतिबंध लगा और परिस्थितियां अत्यंत कठिन हो गई थीं। आज भी चुनौतियां मौजूद हैं। उन्होंने कहा कि सूर्योदय से पहले रात सबसे अधिक काली होती है। वर्तमान में विश्व अनेक ऐसी समस्याओं से जूझ रहा है, जिनका समाधान उसके पास नहीं है। दुनिया भारत की ओर उम्मीद से देख रही है, क्योंकि भारत के पास जीवन और समस्याओं को समझने की अलग दृष्टि है। भारत को स्वयं अपनी क्षमता और सांस्कृतिक विरासत को पहचानना होगा। उन्होंने कार्यकर्ताओं को आगाह करते हुए कहा कि किसी संगठन की शुरुआत में उपेक्षा होती है, फिर विरोध का सामना करना पड़ता है। धीरे-धीरे समाज में पहचान और विश्वास बढ़ता है तथा समर्थन मिलने लगता है। लेकिन अनुकूल परिस्थितियां भी अपने साथ नई चुनौतियां लेकर आती हैं। सफलता और लोकप्रियता के साथ व्यक्तिगत मोह, आकर्षण और स्वार्थ बढ़ने की आशंका रहती है। ऐसे समय में कार्यकर्ताओं को यह तय करना होता है कि वे अपने मूल उद्देश्य के प्रति समर्पित रहेंगे या व्यक्तिगत हितों को प्राथमिकता देंगे। इससे पहले शांतिकुंज में दो दिवसीय शताब्दी समारोह का शुभारंभ मंत्रोच्चारण, शंखनाद, ध्वजारोहण और पूजन के साथ हुआ। पंडित श्रीराम शर्मा आचार्य की जन्मभूमि आंवलखेड़ा, तपोभूमि मथुरा और कर्मभूमि शांतिकुंज से दिव्य ज्योति कलश पहुंचाए गए। इन कलशों के माध्यम से देशभर में जनजागरण और युग निर्माण का संदेश प्रसारित किया गया। समारोह में माता भगवती देवी स्मारक डाक टिकट का विमोचन किया गया तथा शांतिकुंज और माता भगवती देवी के जीवन एवं कार्यों पर आधारित वृत्तचित्र प्रदर्शित किया गया। देव मंच पर शांतिकुंज प्रमुख शैलदीदी, चिन्मय पंड्या और शेफाली पंड्या ने दिव्य ज्योति कलशों पर पुष्प अर्पित किए। इस अवसर पर जगद्गुरु शंकराचार्य राजराजेश्वराश्रम महाराज, स्वामी विश्वेश्वरानंद, स्वामी परमात्मानंद, स्वामी हरिचेतनानंद सहित अनेक संत, विद्वान और गणमान्य लोग उपस्थित रहे। शताब्दी समारोह के मंच से मोहन भागवत का संदेश स्पष्ट रहा कि किसी भी सामाजिक और सांस्कृतिक लक्ष्य की प्राप्ति केवल विचारों से नहीं, बल्कि अनुशासन, आत्मशुद्धि, संगठन शक्ति और निरंतर कर्म से संभव है। कार्यकर्ताओं को सफलता के साथ आने वाले आकर्षणों से बचते हुए अपने मूल उद्देश्य के प्रति निष्ठावान रहना होगा।