पटना। बिहार में पुलिस विभाग में सरकारी नौकरी का सपना देख रहे युवाओं के लिए बड़ी खुशखबरी है। बिहार पुलिस अवर सेवा आयोग (बीपीएसएससी) ने गृह विभाग (आरक्षी शाखा) के अंतर्गत पुलिस अवर निरीक्षक (सब इंस्पेक्टर) के 150 पदों पर भर्ती के लिए अधिसूचना जारी कर दी है। इच्छुक एवं योग्य अभ्यर्थी 9 जुलाई से 9 अगस्त तक आयोग की आधिकारिक वेबसाइट के माध्यम से ऑनलाइन आवेदन कर सकेंगे। इस बार भर्ती प्रक्रिया में कई महत्वपूर्ण बदलाव किए गए हैं। लंबे समय बाद लिखित परीक्षा को अधिक महत्व दिया गया है और मुख्य परीक्षा में पहली बार 50 अंकों की वर्णनात्मक (डिस्क्रिप्टिव) परीक्षा भी शामिल की गई है।
बीपीएसएससी की ओर से जारी अधिसूचना के अनुसार कुल 150 रिक्त पदों पर नियुक्तियां की जाएंगी। इनमें 60 पद अनारक्षित वर्ग, 15 आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग (ईडब्ल्यूएस), 27 अत्यंत पिछड़ा वर्ग (ईबीसी), 24 अनुसूचित जाति (एससी), 18 पिछड़ा वर्ग (बीसी), 4 पिछड़ा वर्ग की महिलाओं तथा 2 अनुसूचित जनजाति (एसटी) के लिए आरक्षित हैं। इसके अलावा बिहार की मूल निवासी महिलाओं को प्रत्येक श्रेणी में 35 प्रतिशत क्षैतिज आरक्षण मिलेगा, जबकि स्वतंत्रता सेनानी के आश्रितों के लिए 2 प्रतिशत क्षैतिज आरक्षण का प्रावधान किया गया है। प्रतियोगी परीक्षाओं के विशेषज्ञ शिक्षक कुमार प्रियांक के अनुसार इस बार चयन प्रक्रिया दो चरणों में पूरी होगी। पहले प्रारंभिक परीक्षा (प्रीलिम्स) आयोजित होगी, जिसमें 200 अंकों के 100 वस्तुनिष्ठ प्रश्न पूछे जाएंगे। प्रत्येक प्रश्न दो अंक का होगा और सबसे राहत की बात यह है कि इस परीक्षा में नेगेटिव मार्किंग नहीं होगी। प्रारंभिक परीक्षा के आधार पर रिक्तियों के दस गुना यानी लगभग 1500 अभ्यर्थियों को मुख्य परीक्षा के लिए चयनित किया जाएगा। मुख्य परीक्षा में इस बार बड़ा बदलाव किया गया है। पहले पेपर में 200 अंकों के 200 वस्तुनिष्ठ प्रश्न होंगे, जिसमें प्रत्येक गलत उत्तर पर एक-चौथाई अंक की नेगेटिव मार्किंग लागू होगी। इसके अलावा पहली बार 50 अंकों की लिखित परीक्षा भी आयोजित होगी। इसमें हिंदी और अंग्रेजी भाषा की समझ और अभिव्यक्ति क्षमता का परीक्षण किया जाएगा। परीक्षा में हिंदी और अंग्रेजी पर 15-15 अंकों के निबंध, 10 अंकों का अंग्रेजी संक्षेपण तथा 10 अंकों का हिंदी से अंग्रेजी अनुवाद शामिल रहेगा। विशेषज्ञों का मानना है कि यह बदलाव अभ्यर्थियों की विश्लेषणात्मक और लेखन क्षमता को परखने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है। मुख्य परीक्षा में सफल होने वाले अभ्यर्थियों को शारीरिक दक्षता परीक्षा (पीईटी) के लिए बुलाया जाएगा। इस भर्ती की सबसे खास बात यह है कि शारीरिक दक्षता परीक्षा में दौड़ शामिल नहीं की गई है, जिससे सिविल सेवा और अन्य प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहे अभ्यर्थियों के लिए भी यह सुनहरा अवसर माना जा रहा है। शारीरिक मानकों की बात करें तो सामान्य, पिछड़ा वर्ग और अत्यंत पिछड़ा वर्ग के पुरुष अभ्यर्थियों के लिए न्यूनतम लंबाई 165 सेंटीमीटर, जबकि एससी और एसटी वर्ग के पुरुषों के लिए 160 सेंटीमीटर निर्धारित की गई है। सभी वर्ग की महिला अभ्यर्थियों के लिए न्यूनतम लंबाई 155 सेंटीमीटर होगी। पुरुष अभ्यर्थियों के लिए सीने का माप सामान्य, बीसी और ईबीसी वर्ग में बिना फुलाए 81 सेंटीमीटर तथा फुलाने पर 86 सेंटीमीटर होना अनिवार्य है। एससी और एसटी वर्ग के पुरुषों के लिए यह माप क्रमशः 79 और 84 सेंटीमीटर निर्धारित किया गया है। महिला अभ्यर्थियों का न्यूनतम वजन 48 किलोग्राम होना आवश्यक होगा।आवेदन के लिए अभ्यर्थी का किसी मान्यता प्राप्त विश्वविद्यालय से स्नातक या समकक्ष परीक्षा उत्तीर्ण होना अनिवार्य है। सामान्य वर्ग के पुरुषों की आयु 20 से 37 वर्ष, सामान्य महिला, पिछड़ा वर्ग और अत्यंत पिछड़ा वर्ग के अभ्यर्थियों की अधिकतम आयु 40 वर्ष, जबकि अनुसूचित जाति एवं अनुसूचित जनजाति के अभ्यर्थियों के लिए अधिकतम आयु 42 वर्ष निर्धारित की गई है। आवेदन शुल्क सभी श्रेणियों के पुरुष और महिला अभ्यर्थियों के लिए 100 रुपये रखा गया है। शुल्क का भुगतान ऑनलाइन माध्यम से करना होगा। आवेदन प्रक्रिया के दौरान अभ्यर्थियों को पंजीकरण, फोटो, हस्ताक्षर और आवश्यक दस्तावेज अपलोड करने होंगे। विशेषज्ञों ने सलाह दी है कि अंतिम तिथि का इंतजार करने के बजाय अभ्यर्थी समय रहते आवेदन पूरा करें और आवेदन पत्र जमा करने से पहले सभी जानकारियों की सावधानीपूर्वक जांच अवश्य कर लें। बिहार पुलिस में सब इंस्पेक्टर बनने का सपना देख रहे युवाओं के लिए यह भर्ती वर्ष 2026 के सबसे महत्वपूर्ण रोजगार अवसरों में से एक मानी जा रही है।

