चमोली
युवाओं के सर्वांगीण विकास एवं समन्वित कार्ययोजना पर जोर, जिला युवा सलाहकार समिति की बैठक सम्पन्न
मुख्य विकास अधिकारी डॉ. अभिषेक त्रिपाठी की अध्यक्षता में बुधवार 'मेरा युवा भारत (MY Bharat)' की जिला युवा सलाहकार समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक में जनपद में युवाओं के कौशल विकास, नेतृत्व क्षमता, स्वयंसेवा, रोजगार, खेल एवं नवाचार को बढ़ावा देने के लिए वार्षिक कार्ययोजना वर्ष 2026-27 पर विस्तार से चर्चा की गई।

मुख्य विकास अधिकारी ने कहा कि 'मेरा युवा भारत' का उद्देश्य युवाओं को राष्ट्र निर्माण की मुख्यधारा से जोड़ते हुए उन्हें विकास कार्यक्रमों का सक्रिय भागीदार बनाना है। उन्होंने सभी विभागों से युवाओं से जुड़े कार्यक्रमों में बेहतर समन्वय स्थापित करने तथा योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए।
जिला युवा अधिकारी ने समिति को मेरा युवा भारत की अवधारणा, उद्देश्य तथा वार्षिक कार्ययोजना की विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने बताया कि संस्था के माध्यम से युवाओं को स्वयंसेवा, नेतृत्व विकास, कौशल उन्नयन, सामाजिक नवाचार, खेल, शिक्षा, उद्यमिता एवं सामुदायिक सहभागिता जैसे क्षेत्रों में अधिक अवसर उपलब्ध कराए जाएंगे।
जनपद में युवाओं से संबंधित विभिन्न विभागों द्वारा संचालित कार्यक्रमों की समीक्षा की गई। इस दौरान युवाओं को आजीविका एवं स्वरोजगार के अवसरों के लिए प्रोत्साहित करने, विभिन्न विभागों द्वारा युवाओं के लिए संचालित कार्यक्रमों एवं गतिविधियों को समन्वित रूप से संचालित करने तथा समस्त विभागों के सहयोग से युवाओं के सर्वांगीण विकास के लिए समेकित कार्ययोजना तैयार करने पर विस्तार से चर्चा की गई।

साथ ही युवाओं के हित में संचालित योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन, विभागों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करने, कार्यक्रमों की दोहराव से बचने, युवाओं के कल्याण से जुड़े कार्यों की नियमित मॉनिटरिंग तथा रोजगार, खेल, शिक्षा, उद्योग एवं स्वरोजगार से संबंधित अवसरों की व्यापक जानकारी एवं प्रचार-प्रसार सुनिश्चित करने पर भी विशेष बल दिया गया।
इस दौरान मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. अभिषेक गुप्ता, जिला शिक्षा अधिकारी पंकज उप्रेती, जिला युवा कल्याण अधिकारी धीरेन्द्र सिंह द्विवेदी, जिला क्रीड़ा अधिकारी मोहित सहित अन्य संबंधित विभागों के अधिकारी एवं कार्मिक उपस्थित रहे।

