मुकेश अंबानी ने किए बदरीनाथ-केदारनाथ धाम के दर्शन
बीकेटीसी को 10 करोड़ रुपये का दान
देहरादून।
देश के प्रसिद्ध उद्योगपति एवं मुकेश अंबानी ने सोमवार को भगवान बदरीविशाल और बाबा केदारनाथ के दर्शन कर पूजा-अर्चना की तथा देश की सुख-समृद्धि और खुशहाली की कामना की। इस अवसर पर उन्होंने बदरीनाथ-केदारनाथ मंदिर समिति को कुल 10 करोड़ रुपये का दान भी प्रदान किया।
बीकेटीसी के मीडिया प्रभारी डॉ. हरीश गौड़ के अनुसार, मुकेश अंबानी सोमवार प्रातः सबसे पहले श्री बदरीनाथ धाम पहुंचे, जहां उन्होंने भगवान बदरीविशाल के दर्शन किए। इसके बाद पूर्वाह्न में उन्होंने श्री केदारनाथ धाम में बाबा केदारनाथ के दर्शन एवं पूजा-अर्चना की।
दर्शन के दौरान मुकेश अंबानी ने बीकेटीसी को दो अलग-अलग चेक भेंट किए। इनमें बदरीनाथ धाम की व्यवस्थाओं के लिए 5 करोड़ रुपये तथा केदारनाथ धाम की व्यवस्थाओं के लिए 5 करोड़ रुपये का योगदान शामिल है।
बीकेटीसी अध्यक्ष हेमंत द्विवेदी ने कहा कि अंबानी परिवार की भगवान बदरीविशाल एवं भगवान केदारनाथ के प्रति गहरी आस्था है। उन्होंने बताया कि अन्य वर्षों की भांति इस वर्ष भी मुकेश अंबानी ने मंदिर समिति को 10 करोड़ रुपये का दान दिया।

